DM ने संचारी रोग अभियान रैली को हरी झंडी दिखाई:उन्नाव में 1 से 31 अक्टूबर तक लोगों को करेंगे जागरूक
उन्नाव में संचारी रोगों की रोकथाम और लोगों को जागरूक करने के लिए गुरुवार से विशेष संचारी रोग अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत हुई। जिला अस्पताल परिसर में सुबह करीब 11 बजे डीएम घनश्याम मीणा ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को संचारी और वेक्टर जनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी। डीएम ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक परिवारों और लोगों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करना है, ताकि लोग स्वयं और अपने बच्चों को स्वस्थ रख सकें। उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया समेत अन्य वेक्टर जनित बीमारियों के साथ ही पानी से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इन बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को अपने आसपास का वातावरण साफ रखना होगा। घरों और आसपास कहीं भी पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। पुराने टायर, बर्तन अथवा ऐसी अन्य वस्तुओं में पानी जमा होने पर उसे तत्काल हटाना चाहिए। जलभराव वाले स्थानों पर मच्छरों का लार्वा पनपने की आशंका रहती है। ऐसे में नियमित सफाई और पानी की निकासी कराकर मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सकता है। जलनिकासी के बिंदुओं का जायजा डीएम ने हाल में हुई बारिश के बाद शहर में जलभराव और जलनिकासी की स्थिति को लेकर किए गए निरीक्षण का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान नगर क्षेत्र का भ्रमण कर जलनिकासी के बिंदुओं का जायजा लिया गया था। इसके बाद व्यापक स्तर पर इंतजाम किए गए और अधिकतर स्थानों से पानी निकाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि अभी भी कहीं से जलभराव या जलनिकासी को लेकर शिकायतें मिल रही हैं तो प्रशासन उसका तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रहा है। अभियान के दौरान लोगों से अपील की जाएगी कि वे बीमारी फैलने की संभावनाओं वाले स्थानों की जानकारी संबंधित विभाग को दें और साफ-सफाई में सहयोग करें। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को मच्छरजनित रोगों से बचाव, स्वच्छता, जलभराव रोकने और सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक करेंगी। अधिकारियों के मुताबिक सामूहिक प्रयास से संचारी रोगों के प्रसार को काफी हद तक रोका जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)