दो बाइकों की भिड़ंत,डायल 112 के दो पुलिसकर्मी घायल:गंभीर हालत में आगरा रेफर, दूसरी बाइक का सवार भी जख्मी

Sep 26, 2026 - 17:37
0
दो बाइकों की भिड़ंत,डायल 112 के दो पुलिसकर्मी घायल:गंभीर हालत में आगरा रेफर, दूसरी बाइक का सवार भी जख्मी
मथुरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे पुलिस लाइन के समीप दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में डायल 112 पर तैनात दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया। हादसे में दूसरी बाइक सवार युवक भी घायल हुआ है। जानकारी के अनुसार, जमुनापार क्षेत्र में डायल 112 पर तैनात हेमंत कुमार (25) पुत्र धर्मवीर और अनुज कुमार (26) पुत्र रामपाल शनिवार दोपहर बाइक से जा रहे थे। पुलिस लाइन के समीप पहुंचते ही उनकी मोटरसाइकिल की सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। डायल 112 के दोनों पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया। दूसरी बाइक पर सवार अमन कुमार पुत्र कप्तान सिंह, निवासी श्रीजी विहार कॉलोनी, टाउनशिप भी हादसे में घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अमन कुमार के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। हादसे की वास्तविक वजह और लापरवाही किसकी रही, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User