दो मासूम भाइयों की मौत पर हत्या का आरोप:मां बोली- कहा था 3-4 महीने में तुम्हारा वंश खत्म कर देंगे, घर से 100 मीटर दूर मिला शव
बांदा में दो मासूम भाइयों की मौत के बाद मामला गरमा गया है। बुधवार रात करीब 8:30 बजे छह वर्षीय मनोज और चार वर्षीय अशोक के शव घर से करीब 100 मीटर दूर पानी से भरे एक गड्ढे में मिले थे। इसके बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। घटनास्थल के गड्ढे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कमर तक पानी भरा दिखाई दे रहा है। इसी आधार पर परिजन सवाल उठा रहे हैं कि दोनों बच्चे इतने पानी में कैसे डूब सकते हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया डूबने से मौत की आशंका जता रही है। पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट होगी। मामला नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव का है। मां ने गांव के युवक पर लगाया हत्या का आरोप मृतक बच्चों की मां कलावती ने गांव के ही भवानीदीन पर दोनों बेटों की हत्या करने का आरोप लगाया है। कलावती का कहना है कि करीब एक महीने पहले भवानीदीन ने उनके साथ मारपीट की थी और धमकी दी थी कि तीन से चार महीने में उनका वंश खत्म कर देगा। कलावती के मुताबिक, इस धमकी के बाद वह डर गई थीं। इसी वजह से उन्होंने बच्चों को स्कूल भेजना भी बंद कर दिया था। अब दोनों बच्चों की मौत के बाद उन्होंने भवानीदीन पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। खाना खाने के बाद खेलने निकले थे दोनों भाई कलावती ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे दोनों बच्चे खाना खाने के बाद घर से खेलने निकले थे। वे मोहल्ले में रहने वाले कुत्तों को कुछ खिला रहे थे। इसी दौरान भवानीदीन वहां खाद डालने आया था। इसके बाद दोनों बच्चे लापता हो गए। परिजनों के मुताबिक, काफी तलाश के बाद दोनों के शव घर से करीब 100 मीटर दूर पानी भरे गड्ढे में मिले। यह गड्ढा मकान की नींव भरने के लिए खोदा गया था। गड्ढे में कमर तक पानी, वीडियो के आधार पर उठाए सवाल घटनास्थल के गड्ढे का वीडियो सामने आने के बाद परिजन उसकी गहराई को लेकर सवाल उठा रहे हैं। वीडियो में गड्ढे में कमर तक पानी भरा दिखाई दे रहा है। परिजनों का दावा है कि पानी की गहराई इतनी नहीं थी कि दोनों बच्चे उसमें डूब जाएं। हालांकि, वीडियो के आधार पर पानी की वास्तविक गहराई का सटीक अनुमान नहीं लगाया जा सकता। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चों की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। गिरफ्तारी की मांग पर रातभर चला हंगामा शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और शव उठाने से इनकार कर दिया। रात करीब 8 बजे से एक बजे तक मौके पर हंगामा चलता रहा। सूचना मिलने पर एसडीएम और नरैनी सीओ भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक बातचीत के बाद एसडीएम ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति संभली। दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम, वीडियोग्राफी भी दोनों बच्चों के पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टर फैजल खान और विपिन शर्मा का पैनल बनाया गया है। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा चुकी है। पोस्टमार्टम हाउस में बाबू सिंह कुशवाहा के छोटे भाई और बांदा सपा जिलाध्यक्ष उमेश यादव भी मौजूद रहे। गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए कालिंजर और गिरवां थाने की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया दोनों बच्चों की मौत पानी में डूबने से हुई प्रतीत होती है। वहीं, परिजनों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह और शरीर पर चोटों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)