दोहरे हत्याकांड में नामजद आरोपी की मां की मौत:पोते ने कहा- मुकदमे के तनाव में हार्टअटैक आया; SP बोले- 5-6 दिन से थी बीमार
बांदा के दो मासूम भाइयों की हत्या के मामले में नामजद आरोपी पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र पाल वर्मा उर्फ राजू की मां कुसुमा देवी वर्मा की रविवार को मौत हो गई। वह 75 साल की थीं। शनिवार रात तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें बांदा शहर के निजी अस्पताल ले गए थे। रविवार दोपहर करीब 4 बजे उनकी मौत हो गई। मामला नरैनी थाना क्षेत्र के नंदवारा गांव का है। पोते ने मुकदमे के तनाव को बताया वजह मृतका के पौत्र देवेंद्र पाल वर्मा ने बताया कि दोहरे हत्याकांड में उनके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद से दादी तनाव में थीं। उनका दावा है कि मुकदमे के तनाव के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी। उन्होंने दिल का दौरा पड़ने से मौत होने की बात कही। परिवार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। SP बोले- पांच-छह दिन से खराब थी तबीयत पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि कुसुमा देवी की तबीयत पिछले पांच-छह दिनों से खराब थी। रविवार दोपहर करीब 4 बजे उनकी मौत हुई। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराए बिना घर ले गए हैं। सोमवार सुबह अंतिम संस्कार किया जाएगा। एसपी ने कहा कि नंदवारा हत्याकांड में नामजद आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। नामजद आरोपी का 4 मिनट 31 सेकेंड का वीडियो वायरल दोहरे हत्याकांड की जांच के बीच नामजद आरोपी महेंद्र पाल वर्मा का करीब 4 मिनट 31 सेकेंड का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह खुद को साजिश के तहत फंसाए जाने का आरोप लगा रहा है। उसने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से मामले की CBI जांच कराने की मांग की है। सपा सांसद और उनके भाई पर लगाया आरोप महेंद्र पाल ने वीडियो में दावा किया कि दो बच्चों की मौत के मामले में उसे साजिश के तहत फंसाया गया है। उसका आरोप है कि सपा सांसद उस पर पार्टी में शामिल होने का दबाव बना रहे थे। मना करने पर उसे मुकदमे में फंसा दिया गया। उसने जौनपुर के सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा और उनके भाई शिवशरण कुशवाहा पर फर्जी तरीके से फंसाने का आरोप लगाया है। सांसद के भाई बोले- आरोप निराधार महेंद्र पाल के आरोपों को सांसद के भाई और अधिवक्ता शिवशरण कुशवाहा ने निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उनकी मांग है कि मामले में दोषी बचें नहीं और किसी निर्दोष को फंसाया न जाए। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों को पकड़ा एएसपी शिवराज ने बताया कि वायरल वीडियो कहां से आया और इसे इंटरनेट मीडिया पर किसने वायरल किया, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि दोहरे हत्याकांड में नामजद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। 2010 में निर्दलीय चुनाव लड़ा था कुसुमा देवी भी पूर्व जिला पंचायत सदस्य रह चुकी थीं। बताया गया है कि उन्होंने वर्ष 2010 में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा था। पोस्टमार्टम में चोट के निशान मिलने पर हत्या का केस नंदवारा गांव में 30 सितंबर को दो सगे भाइयों की मौत के बाद मामला सामने आया था। शुरुआत में दोनों बच्चों के पानी से भरे गड्ढे में डूबने की बात सामने आई थी। पोस्टमार्टम में दोनों के सिर पर चोट के निशान मिले। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)