दोस्त की जगह UPPSC परीक्षा देने पहुंचा रेलवे टेक्नीशियन:लखनऊ में आइरिस मैच नहीं हुआ तो खुला फर्जीवाड़ा, 10 लाख में हुआ था सौदा
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (स्क्रीनिंग) परीक्षा-2025 में रविवार को लखनऊ के नेशनल पीजी कॉलेज में मुन्नाभाई पकड़ा गया। रेलवे में टेक्नीशियन ने अपने दोस्त को नौकरी दिलाने के लिए उसकी जगह 10 लाख रुपए में परीक्षा देने की डील की थी। आरोपी ने दोस्त के वोटर आईडी पर अपनी फोटो लगाकर फर्जी पहचान पत्र तैयार कराया और परीक्षा देने पहुंच गया। हालांकि, परीक्षा के दौरान आइरिस मैच नहीं होने पर उसका फर्जीवाड़ा पकड़ में आ गया। परीक्षा 4 अक्टूबर को नेशनल पीजी कॉलेज के ब्लॉक-बी स्थित केंद्र पर पहली पाली में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक हुई थी। एक युवक शशांक कुमार मिश्रा के नाम से परीक्षा दे रहा था। परीक्षा के दौरान आयोग की कार्यदायी संस्था इनोवेटिव व्यू के कंट्रोल रूम से केंद्र को सूचना मिली कि अभ्यर्थी का आइरिस मैच नहीं हो रहा है। इसके बाद उसकी दोबारा बायोमेट्रिक और आधार सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। आधार कार्ड मांगा तो देने से किया इनकार परीक्षा खत्म होने के बाद केंद्र पर मौजूद अधिकारियों ने अभ्यर्थी को रोककर आधार कार्ड और पहचान पत्र मांगा। उसने दस्तावेज देने से इनकार कर दिया। इस पर पुलिस, स्टैटिक मजिस्ट्रेट नृपेन्द्र सिंह, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और आयोग के अधिकारियों ने उससे पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में उसने अपना असली नाम विकासनगर विस्तार, गोरखपुर निवासी जयशंकर त्रिपाठी (37) पुत्र जय प्रकाश त्रिपाठी बताया। जयशंकर ने स्वीकार किया कि वह अपने मित्र शशांक कुमार मिश्रा के स्थान पर परीक्षा देने आया था। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर हजरतगंज थाने लाया गया। स्टैटिक मजिस्ट्रेट नृपेन्द्र सिंह की शिकायत पर मुकदमा दर्ज हुआ। दोस्त को नौकरी दिलाने के लिए 10 लाख में हुई थी डील पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कानपुर देहात में रेलवे में टेक्नीशियन के पद पर तैनात है। उसका दोस्त शशांक कुमार मिश्रा परीक्षा पास कर नौकरी हासिल करना चाहता था। इसी के लिए दोनों के बीच 10 लाख रुपए में शशांक की जगह परीक्षा देने की डील हुई थी। आरोपी ने शशांक के वोटर आईडी कार्ड पर अपनी फोटो लगाकर कूटरचित पहचान पत्र तैयार कराया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)