मुजफ्फरनगर में मीनाक्षी चौक पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान:बुलडोजर चलाकर सड़क-नालियों पर कब्जे हटाए, होटल में गंदगी मिलने पर चेतावनी
मुजफ्फरनगर के मीनाक्षी चौक पर सोमवार को नगरपालिका ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। दोपहर 1 से 3 बजे तक चले अभियान में सड़क और नालियों पर किए गए अवैध कब्जे और निर्माण हटाए गए। अतिक्रमण में मिला सामान नगरपालिका टीम ने जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने भी होटल और दुकानों में खाद्य सामग्री व साफ-सफाई की जांच की। नाली और सड़क की सीमा में अतिक्रमण पर कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल और नगरपालिका ईओ पवन कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने दुकानों के बाहर सड़क और नाली की सीमा तक किए गए कब्जे हटाए। कार्रवाई के दौरान बाजार में दुकानदारों के बीच हलचल रही। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि दुकानदारों को कोई नई हिदायत नहीं दी जा रही है। पहले से ही व्यवस्था है कि नाली के ऊपर या नाली से बाहर अतिक्रमण नहीं किया जा सकता। दुकानदारों को अपनी निर्धारित दुकान की जगह में ही सामान रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि सड़क और नाले के बीच खाली जगह पर भी कई बार कब्जा कर लिया जाता है, जिसे अभियान चलाकर हटाया जाता है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। होटल में गंदगी मिली, संचालक को चेतावनी नगरपालिका की कार्रवाई के साथ फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने मीनाक्षी चौक के होटल और दुकानों की जांच की। खाद्य सामग्री और साफ-सफाई की स्थिति देखी गई। एक होटल में गंदगी मिलने पर संचालक को चेतावनी दी गई। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि संबंधित दुकान से करीब 10 से 15 दिन पहले भी खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए थे। उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखा जाता हो, वहां से खाद्य सामग्री खरीदने से बचें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)