दोस्त ने जमीन के पैसों के लिए युवक को पीटा:बंधक बनाकर बेल्ट और पट्टों से पीटा, पार्टी के बहाने ले जाने की शिकायत

Oct 05, 2026 - 12:46
0
दोस्त ने जमीन के पैसों के लिए युवक को पीटा:बंधक बनाकर बेल्ट और पट्टों से पीटा, पार्टी के बहाने ले जाने की शिकायत
महोबा में जमीन के पैसों के लालच में दोस्त को बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। डहर्रा गांव निवासी वीरेंद्र सिंह ने अपने दोस्त सत्यम उर्फ सत्या और उसके साथियों पर पार्टी के बहाने प्लॉट पर ले जाकर बंधक बनाने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने उससे 20 हजार रुपए छीन लिए और बेची गई दो बीघा जमीन के 2 लाख रुपए देने का दबाव बनाया। वीरेंद्र ने बताया कि सत्यम अपने साथी धर्मेंद्र और तीन अज्ञात लोगों के साथ उसे पार्टी के बहाने भटीपुरा स्थित एक प्लॉट पर ले गया था। वहां उसे शराब पिलाई गई। इसके बाद मोबाइल छीनकर कमरे में बंधक बना लिया गया। आरोप है कि आरोपियों ने उसकी जेब से 20 हजार रुपए निकाल लिए और जमीन के 2 लाख रुपए देने की मांग करने लगे। वीरेंद्र के मुताबिक, रुपए देने से इनकार करने पर उसके साथ बेल्ट और पट्टों से मारपीट की गई। आरोपियों ने उसे जबरन शराब भी पिलाई। करीब छह घंटे तक उसके साथ मारपीट और दबाव बनाने का सिलसिला चलता रहा। रविवार रात करीब 8 बजे वीरेंद्र किसी तरह वहां से भाग निकला। भागते समय सीढ़ियों से गिरने के कारण उसे चोटें भी आईं। इसके बाद उसने परिवार और डायल 112 पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल वीरेंद्र को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की है। शहर कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार सुबह 11 बजे बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की गहराई से जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User