दोस्ती में 53 लाख की उधारी, अब मिल रही धमकी:अलीगढ़ में फोटोग्राफी के दौरान हुई दोस्ती के बाद शुरू हुआ लेन-देन; सासनी गेट थाने में FIR
सासनी गेट क्षेत्र में फोटोग्राफी के दौरान हुई जान-पहचान के बाद 53 लाख रुपये के लेन-देन का मामला सामने आया है। पला साहिबाबाद निवासी रविकान्त गौतम की तहरीर पर पुलिस ने हिमांशु गौतम के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम लौटाने के बजाय आरोपी ने पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।
रविकान्त के मुताबिक, दिसंबर 2023 में हिमांशु की बहन की शादी में उसने फोटोग्राफी की थी। इसके बाद दोनों के बीच परिचय बढ़ा और पैसों का लेन-देन शुरू हुआ। आरोप है कि हिमांशु ने घरेलू जरूरतों का हवाला देकर रकम मांगी और ब्याज सहित लौटाने का भरोसा दिया। इसके बाद रविकान्त ने अलग-अलग समय पर यूपीआई और नकद के जरिए पैसे दिए।
शिकायत में कहा गया है कि रकम जुटाने के लिए रविकान्त ने परिचितों से उधार लिया। वहीं, अपनी मां के गहने भी 2.50 लाख रुपये में गिरवी रखे। धीरे-धीरे कथित बकाया रकम 53 लाख रुपये तक पहुंच गई। रकम वापस मांगने पर आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करने लगा और फोन उठाना भी बंद कर दिया।
रविकान्त के अनुसार, 16 अगस्त को आरोपी की मां ने पूरी रकम वापस करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बाद भी भुगतान नहीं हुआ। आरोप है कि दोबारा रकम मांगने पर हिमांशु ने पैसे देने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को कॉल रिकॉर्डिंग और व्हाट्सएप मैसेज की प्रतियां भी उपलब्ध कराई हैं। मामले में सीओ प्रथम के निर्देश के बाद सासनी गेट थाने में 23 सितंबर को एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक बलराम सिंह को दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)