सिपाही पर डीसीएम चढ़ाने की कोशिश, भागकर बचाई जान:बदायूं में पशुओं से भरे वाहन को रोकने पहुंचे थे पुलिसकर्मी

Sep 24, 2026 - 19:53
0
सिपाही पर डीसीएम चढ़ाने की कोशिश, भागकर बचाई जान:बदायूं में पशुओं से भरे वाहन को रोकने पहुंचे थे पुलिसकर्मी
बदायूं में गुरुवार को लगने वाले साप्ताहिक पशु बाजार में पशुओं से भरे डीसीएम को रोकने पहुंचे एक सिपाही के साथ हादसा होते-होते बचा। आरोप है कि सिपाही को देखकर चालक ने डीसीएम रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और वाहन सिपाही की तरफ मोड़ दिया। सिपाही ने भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है। मामला सहसवान के मोहल्ला तकिया का है। पशुओं से भरे वाहनों की हो रही थी वीडियोग्राफी मोहल्ला तकिया में हर गुरुवार को भैंस प्रजाति के पशुओं का साप्ताहिक बाजार लगता है। पशु प्रेमियों का आरोप है कि बाजार से पशुओं को वाहनों में क्षमता से अधिक संख्या में भरकर ले जाया जाता है। इसी को देखते हुए गुरुवार को दरोगा संजय सिरोही समेत कई पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। बता दें कि इसी बाजार में पशुओं की ढुलाई से जुड़े मामले में 6 सितंबर को एक दरोगा और सिपाही को निलंबित किया जा चुका है। मोबाइल छीनने की भी हुई शिकायत गुरुवार दोपहर कुछ पशु प्रेमी बाजार पहुंचे और पशुओं से भरे वाहनों की वीडियोग्राफी करने लगे। इसी दौरान कुछ लोगों ने एक पशु प्रेमी का मोबाइल फोन छीन लिया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मोबाइल वापस करा दिया। इसके बाद पशुओं से भरे एक डीसीएम की वीडियोग्राफी की जा रही थी। इसी दौरान सिपाही तनुज ने डीसीएम को रोकने की कोशिश की। सिपाही ने भागकर बचाई जान आरोप है कि सिपाही को देखकर चालक ने डीसीएम रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद उसने वाहन सिपाही की तरफ मोड़ दिया। सिपाही तनुज ने समय रहते भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान बाजार में मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। सहसवान के एसएचओ नरेश कुमार ने बताया कि सिपाही को कुचलने की कोशिश किए जाने की शिकायत उनके सामने नहीं आई है। उन्हें जानकारी मिली है कि वीडियोग्राफी के कारण चालक घबरा गया और डीसीएम लेकर वहां से चला गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User