DPSG मेरठ रोड के 115 विद्यार्थी शैक्षिक यात्रा पर रवाना:एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत चार राज्यों की संस्कृति समझेंगे
गाजियाबाद के दिल्ली पब्लिक स्कूल की ओर से विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता और भारतीय विरासत के प्रति समझ विकसित करने के उद्देश्य से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत विशेष शैक्षिक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। सात रात और आठ दिनों की इस यात्रा का शुभारंभ मंगलवार को सुबह पांच बजे हुआ। यात्रा में कक्षा छह से 11 तक के 115 विद्यार्थी और 11 शिक्षक शामिल हैं। इस दौरान विद्यार्थियों को देश के अलग-अलग राज्यों की संस्कृति, परंपराओं, इतिहास, कला, खान-पान, भाषा और प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष की पढ़ाई के साथ-साथ प्रत्यक्ष अनुभव से सीखने का अवसर भी मिलेगा। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत विद्यार्थियों को विभिन्न राज्यों से परिचित कराने के लिए यात्रा को अलग-अलग समूहों में बांटा गया है। कक्षा छह के विद्यार्थी राजस्थान, कक्षा सात के विद्यार्थी पंजाब, कक्षा आठ से 11 तक के विद्यार्थी उत्तराखंड और कक्षा नौ के विद्यार्थी हिमाचल प्रदेश की यात्रा पर जा रहे हैं। अलग-अलग राज्यों की यात्रा के दौरान विद्यार्थी वहां की संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानेंगे। विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रीति वासन ने विद्यार्थियों को यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है,बल्कि विद्यार्थियों के लिए सीखने और नए अनुभव हासिल करने का अवसर भी है।उन्होंने विद्यार्थियों को यात्रा के दौरान प्रत्येक स्थान की संस्कृति, इतिहास और परंपराओं को समझने तथा स्थानीय लोगों से संवाद कर उनके अनुभवों से सीखने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के अनुसार,इस तरह की शैक्षिक यात्राओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकीकरण,सांस्कृतिक संवेदनशीलता, सहयोग, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। साथ ही विद्यार्थियों को भारत की विविधता और समृद्ध विरासत से जोड़ना भी इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ भारत सरकार की पहल है,जिसके तहत देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी समझ को बढ़ावा दिया जाता है। विद्यालय की यह यात्रा विद्यार्थियों को ‘विविधता में एकता’ की भावना को समझने और उसे अपने जीवन में अपनाने का अवसर देगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)