दशहरा-नवरात्रि से पहले प्रयागराज की सड़कें होंगी दुरुस्त:पीडब्ल्यूडी और नगर निगम को मेले से पहले काम पूरा करने के निर्देश
प्रयागराज दशहरा, दुर्गा पूजा और नवरात्रि को देखते हुए शहर में सड़कों और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की तैयारी शुरू हो गई है। सोमवार को मेयर गणेश केसरवानी ने निरंकारी चौराहे से बैहराना चौराहे और डॉट के पुल तक सड़क, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगह सड़कें टूटी मिलीं। मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले से पहले सभी जरूरी काम पूरे कर लिए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं और आम लोगों को परेशानी न हो। निरीक्षण में पता चला कि लगातार बारिश और जलभराव के कारण निरंकारी चौराहे से बैहराना तक सड़कें कई जगह खराब हो गई हैं। वहीं, पाइपलाइन डालने के लिए गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई और जल निगम की ओर से सड़क की खुदाई भी की जा रही है। बैहराना चौराहे पर बना पार्क क्षतिग्रस्त मिला। चौराहे के चारों ओर और डॉट के पुल तक जाने वाली सड़कें भी कई जगह टूटी हुई थीं। मेयर ने निर्देश दिया कि निरंकारी चौराहे से बैहराना चौराहे के आगे तक सड़क की मरम्मत पीडब्ल्यूडी कराए। बैहराना पार्क और डॉट के पुल तक की सड़क नगर निगम बनवाए। उन्होंने गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई को खोदी गई सड़क की मरम्मत करने और मेले तक सड़क की खुदाई का काम रोकने के निर्देश दिए। मेयर ने कहा कि खराब पटरियों, लिंक मार्गों और सड़कों के किनारे बने रास्तों को भी ठीक कराया जाए। सड़कों पर जमा मलबा और कूड़ा हटाया जाए। कीटनाशक का छिड़काव कराया जाए और सीवर की लीकेज ठीक की जाए। टूटे सीवर ढक्कन बदलने के साथ चोक सीवर और नालियों की सफाई भी कराई जाए। इसके अलावा सड़कों पर पर्याप्त रोशनी, आवारा पशुओं को पकड़ने, अस्थायी लाइट लगाने, शौचालय और पीने के पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। मेयर ने अधिकारियों से कहा कि त्योहारों और मेले से पहले सभी काम पूरे कर लिए जाएं। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता विद्युत संजय कटियार, जलकल विभाग के अधिकारी, जोनल सेनेटरी अधिकारी प्रवीण, अवर अभियंता राम सक्सेना, पार्षद बब्बन प्रजापति और कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)