दशहरा पर मुरादाबाद में ट्रैफिक डायवर्जन:सुरक्षा के भी कड़े बंदोबस्त, चप्पे - चप्पे पर रहेगी फोर्स
विजयदशमी पर्व के अवसर पर मुरादाबाद शहर में सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक स्तर पर रूट डायवर्जन लागू किया है। आगामी 20 अक्टूबर को मझोला थाना क्षेत्र के कुंदनपुर स्थित रामलीला ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य मेले के मद्देनजर पुलिस ने शहर के कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद कर दी है। यातायात पुलिस द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार, 20 अक्टूबर की दोपहर 2:00 बजे से लेकर देर रात मेला समाप्ति तक भारी वाहनों, रोडवेज बसों और निजी गाड़ियों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। यातायात पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, दशहरे के दिन दोपहर 3:00 बजे से कपूर कंपनी पुल की ओर से रामलीला ग्राउंड की तरफ सिर्फ पैदल चलने वाले लोगों को ही जाने की अनुमति होगी। आम जनता के वाहनों के लिए चौधरी चरण सिंह चौक से कुंदनपुर की तरफ जाने का रास्ता रहेगा और सभी वाहन मंडी समिति में बने पार्किंग स्थल पर पार्क किए जाएंगे। मान सरोवर गेट, प्रकाश नगर चौराहा, मझोला चौराहा और बुद्धि विहार से रामलीला ग्राउंड की तरफ किसी भी प्रकार के वाहन को जाने की इजाजत नहीं होगी। इसके अलावा माल गोदाम से संचालित होने वाले मालवाहक वाहनों पर दोपहर 2:00 बजे से रात 2:00 बजे तक पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। बाहर से आने वाली रोडवेज और निजी बसों के लिए भी शहर की सीमाओं पर ही अस्थाई स्टॉपेज बनाए गए हैं। बिजनौर और कांठ की तरफ से आने वाली बसें कोठीवाल डेंटल कॉलेज तक ही आ सकेंगी, जबकि रामपुर और बरेली की ओर से आने वाली बसें हनुमान मूर्ति तक आकर वहीं से वापस लौट जाएंगी। इसी तरह संभल, दिल्ली और बिलारी की तरफ से आने वाली बसें आजाद नगर मोड़ तक और काशीपुर, टांडा व बाजपुर की तरफ से आने वाली बसें काशीपुर तिराहे तक ही आ पाएंगी। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए डायवर्जन प्लान का पालन करें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)