दुकान पर कब्जे के विवाद में युवक की हत्या:सीतापुर में बचाने पहुंचे भाई पर किया हमला, लखनऊ रेफर
सीतापुर के शहर कोतवाली इलाक़े में शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे दुकान पर कब्जे को लेकर चल रहा पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो परिवारों के बीच हुई मारपीट में धारदार हथियार से हमला कर बबलू राठौर (58) पुत्र स्व रामस्वरूप की हत्या कर दी गई, जबकि उसका भाई छोटू राठौर (35) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी कल्लू की मां कमलेश और बहन रेनू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी कल्लू की तलाश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, दुर्गापुरवा मोहल्ला निवासी बबलू राठौर पुत्र स्वर्गीय स्व रामस्वरूप का अपने ताऊ रामचंद्र के परिवार से बाजार स्थित एक दुकान पर कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार दोपहर दालमंडी बाजार में इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। बबलू और उसके भाई छोटू का रामचंद्र के बेटे कल्लू उसकी मां कमलेश और बहन रेनू से विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान कल्लू सहित मां कमलेश और बहन रेनू ने लाठी और धारदार हथियार से बबलू व छोटू पर हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां बबलू ने दम तोड़ दिया। छोटू की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। वारदात की सूचना पर एएसपी आलोक सिंह और सीओ सिटी विनय कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने कमलेश और रेनू को हिरासत में लिया है, जबकि कल्लू की तलाश की जा रही है। सीओ सिटी विनय कुमार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)