दुर्गा-पूजा और दशहरा पर दो दिन रहेगा रूट डायवर्जन:सुबह 8 से रात 10 बजे तक लागू रहेंगे प्रतिबंध, भारी और चार पहिया वाहनों के आवागमन पर रहेगी पाबंदी
कुशीनगर में दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व के मद्देनजर पडरौना शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस प्रशासन ने 19 और 20 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक रूट डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। इस दौरान अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए मार्ग निर्धारित किए गए हैं। कुछ रास्तों पर भारी और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं, पर्व के दौरान भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी सूचना के संबंध में यातायात निरीक्षक अश्विनी कुमार राय ने बताया कि बिहार, बांसी और खिरकिया की ओर से आने वाले चार पहिया और छोटे वाहन खिरिया टोला होते हुए बड़ी नहर के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे। वहीं, बिहार, बांसी, खिरकिया और जटहां की ओर से आने वाले भारी और व्यावसायिक वाहनों को खिरकिया के रास्ते शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कसया की ओर से आने वाले चार पहिया और व्यावसायिक वाहन बड़ी नहर, पडरौना, खिरिया टोला और खिरकिया डायवर्जन के रास्ते जाएंगे। जटहां तिराहे से तिलक चौक की ओर भारी और चार पहिया वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। रामकोला और कप्तानगंज की ओर से आने वाले वाहनों को बुलहवा मोड़, बड़ी नहर, खिरिया टोला पुल और खिरकिया डायवर्जन के रास्ते भेजा जाएगा। कसया, देवरिया और गोरखपुर की ओर जाने के लिए ये रास्ते पडरौना से कसया की ओर जाने वाले चार पहिया और व्यावसायिक वाहन गोपालगढ़ बाईपास से होकर जाएंगे। देवरिया की ओर से पडरौना आने वाले वाहनों को कसया ओवरब्रिज, गोपालगढ़ और बैरिया कांटा के रास्ते निकाला जाएगा। वहीं, गोरखपुर की ओर से आने वाले भारी और चार पहिया वाहन हाईवे बाईपास, गोपालगढ़ और बैरिया कांटा होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। निर्धारित स्थानों पर होगी पार्किंग पुलिस ने पर्व के दौरान वाहनों की पार्किंग के लिए भी व्यवस्था की है। पूर्व निर्धारित ऑटो स्टैंड और रेलवे स्टेशन के पास गृहस्थी स्टोर के बगल में वाहन खड़े किए जा सकेंगे। पुलिस ने लोगों से निजी वाहनों का कम से कम इस्तेमाल करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है। ड्रोन से निगरानी, प्रमुख स्थानों पर तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। प्रमुख स्थानों और आयोजन स्थलों पर भीड़ की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रमुख रास्तों और आयोजन स्थलों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)