दुर्गा पूजा देखकर लौट रहे मासूम पर हमला, 3 गिरफ्तार:कौशांबी में पुरानी रंजिश में 12 साल के उमंग के सिर पर लाठी-डंडों से वार, हालत गंभीर
कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र के फरीदपुर टप्पा मलाक गांव में बुधवार रात दुर्गा पूजा देखकर लौट रहे 12 साल के उमंग सोनकर पर पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि रास्ते में रोककर बच्चे के सिर पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार कर उसे मरणासन्न कर दिया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके चचेरे भाई नीलू को भी पीटा गया। घायल बच्चे को जिला अस्पताल से गंभीर हालत में SRN अस्पताल प्रयागराज रेफर किया गया। मामले में पुलिस ने रविवार दोपहर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पीड़ित के पिता सुरेंद्र कुमार ने शनिवार को कोखराज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के ही मनीष, अजय, मायालाल, वीरेंद्र पासी, शिव शंकर, ऋषिकेश और संतलाल समेत कुछ अज्ञात लोगों ने उनके बेटे को रात करीब 11:30 बजे रास्ते में रोक लिया। इसके बाद लाठी-डंडों से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने आए चचेरे भाई नीलू को भी आरोपियों ने पीटा। आरोप है कि ग्रामीणों को आता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्चे को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया। पिता के मुताबिक, 2 साल पहले खेत के विवाद को लेकर आरोपियों ने उनके इकलौते बेटे को मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। रविवार दोपहर करीब 3 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरीदपुर टप्पा मलाक गांव निवासी मायालाल सरोज पुत्र रामअवतार सरोज, शिवशंकर उर्फ भोंदल सरोज पुत्र वीरेंद्र सरोज और संतलाल सरोज पुत्र स्वर्गीय दयाराम के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)