दुर्गाबाड़ी में शुरू हुआ माँ दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण:16 से 20 अक्टूबर तक दुर्गा पूजा महोत्सव, 21 को निकलेगी विसर्जन यात्रा

Oct 03, 2026 - 16:49
0
दुर्गाबाड़ी में शुरू हुआ माँ दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण:16 से 20 अक्टूबर तक दुर्गा पूजा महोत्सव, 21 को निकलेगी विसर्जन यात्रा
मेरठ में दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर बंगाली दुर्गाबाड़ी समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। दुर्गाबाड़ी परिसर में मां दुर्गा की प्रतिमा बनाने का काम शुरू हो गया है। कोलकाता से आए शिल्पकार पारंपरिक बंगाली शैली में प्रतिमा को आकार दे रहे हैं। खास बात यह है कि प्रतिमा बनाने वाले शिल्पकार परिवार की कई पीढ़ियां इस काम से जुड़ी हैं। यह परिवार 40 साल से अधिक समय से हर वर्ष मेरठ आकर दुर्गाबाड़ी में मां दुर्गा की प्रतिमा तैयार करता है। 10 से 12 दिन में तैयार होगी प्रतिमा शिल्पकारों के अनुसार प्रतिमा तैयार करने में करीब 10 से 12 दिन का समय लगेगा। प्रतिमा निर्माण में पारंपरिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। समिति अध्यक्ष अमिताभ मुखर्जी ने बताया कि प्रतिमा निर्माण दुर्गाबाड़ी की धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक विरासत का भी हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कोलकाता के शिल्पकारों का लंबे समय से समिति से जुड़ाव है। हर साल उन्हीं की पारंपरिक शैली में प्रतिमा तैयार की जाती है, जिससे यह परंपरा आगे बढ़ रही है। पूजा के साथ संस्कृति से जुड़ेंगे लोग प्रधान सचिव अभय मुखर्जी ने बताया कि दुर्गा पूजा सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं है। यह लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने वाला महोत्सव भी है। इस बार पूजा की तैयारियों में परंपराओं के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा जा रहा है। पूजा सचिव सुब्रोतो विश्वास ने बताया कि प्रतिमा निर्माण में जैविक और पर्यावरण-अनुकूल सामग्री और रंगों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विसर्जन के दौरान जलस्रोतों में प्रदूषण को कम करना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराओं को निभाने के साथ पर्यावरण की जिम्मेदारी भी जरूरी है। 16 से 20 अक्टूबर तक चलेगा महोत्सव इस वर्ष दुर्गा पूजा महोत्सव 16 से 20 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान दुर्गाबाड़ी में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और पूजा कार्यक्रम होंगे। 21 अक्टूबर को दशहरा के दिन मां दुर्गा की विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। प्रतिमा के आकार लेने के साथ ही दुर्गाबाड़ी परिसर में शारदीय दुर्गोत्सव की तैयारियां भी नजर आने लगी हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User