दवा छापेमार कार्रवाई में तीन गिरफ्तार:धनौली में खंडहर कमरे में चल रहा था अवैध गोदाम, करोड़ों की मिली थी दवाएं
मलपुरा थाना क्षेत्र के धनौली में नकली दवाओं के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। वहीं इससे पहले फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FSDA) की टीम ने मंगलवार सुबह तीन छतरी के पास रिहायशी क्षेत्र में बने एक खंडहर कमरे पर छापा मारकर करीब 5 करोड़ रुपए कीमत की नकली दवाएं बरामद की थीं। टीम को कमरे में दवाओं की पैकिंग करता एक युवक मिला था, जिसे मौके से हिरासत में लिया गया था। विभाग को धनौली स्थित इस ठिकाने पर दवाओं के भंडारण और पैकिंग की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने करीब 12 घंटे तक संदिग्ध ठिकाने की निगरानी की। सोमवार रात से ही क्षेत्र में गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। कमरे में पैकिंग करते मिला था युवक मंगलवार सुबह करीब नौ बजे टीम को कमरे के आसपास दो युवक बैठे दिखाई दिए। कुछ देर बाद इनमें से एक युवक कमरे के अंदर गया। इसके बाद अधिकारियों और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे की घेराबंदी कर तलाशी ली। अंदर युवक दवाओं की पैकिंग करता मिला। उसे मौके से हिरासत में ले लिया गया। कार्रवाई की सूचना लखनऊ स्थित विभागीय कार्यालय को दी गई। इसके बाद फिरोजाबाद और हाथरस से भी ड्रग विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। तीनों टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कमरे में रखी दवाओं को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। केटोरॉल, कार्डेस, एलेग्रा समेत कई दवाएं मिलीं तलाशी के दौरान केटोरॉल, कार्डेस, एलेग्रा, एलेग्रा-एम, लोसर-एच और जुलरा सहित विभिन्न दवाओं की पेटियां बरामद हुईं। विभाग के अनुसार बरामद दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपए है। टीम दवाओं के स्रोत, भंडारण और पैकिंग से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दवाएं कहां से लाई गई थीं और उन्हें पैक करने के बाद कहां सप्लाई किया जाना था। तीन आरोपियों पर FIR, सभी गिरफ्तार मामले में ड्रग इंस्पेक्टर अरविंद गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस और ड्रग विभाग की टीम उनसे पूछताछ कर रही है। पूछताछ में दवाओं की सप्लाई, पैकिंग और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई फिलहाल बरामद दवाओं को विभाग ने कब्जे में ले लिया है। दवाओं की जांच और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद दवाओं की प्रकृति, उनके स्रोत और पूरे मामले में नियमों के उल्लंघन की स्थिति स्पष्ट होगी। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और ड्रग विभाग की टीमें गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)