दवा दुकान और बैंक के इलेक्ट्रिक रूम में लगी आग:मेरठ में लाखों के नुकसान की आशंका, एक घंटे तक धधकती रही
मेरठ के देहली गेट थाना क्षेत्र में रविवार देर रात करीब 1 बजे आग लगने की दो घटनाओं से अफरातफरी मच गई। खैरनगर स्थित दावा मार्केट के रोज प्लाजा में मेडिकोज दवा की दुकान में भीषण आग लग गई। वहीं, कुछ दूरी पर बढ़ाना गेट स्थित बैंक ऑफ इंडिया के इलेक्ट्रिक रूम में भी आग लगने की सूचना मिली। दोनों स्थानों पर दमकल विभाग की टीम ने समय रहते आग पर काबू पाया। दवा की दुकान में लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। पहली घटना खैरनगर के रोज प्लाजा में हुई। यहां रोहटा रोड निवासी नितिन की मेडिकोज के नाम से दवा की दुकान है। रविवार देर रात अचानक दुकान में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और देहली गेट पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। करीब एक घंटे तक दुकान में आग धधकती रही। दुकान मालिक नितिन के मुताबिक, आग से करीब 10 लाख रुपये का नुकसान होने की आशंका है। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, नुकसान और आग के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। तंग गलियों में दमकल की गाड़ियों को हुई परेशानी दावा मार्केट की गलियां संकरी होने के कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय स्तर पर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठे। तंग गलियों और घनी आबादी वाले बाजार में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से बड़ा हादसा होने का खतरा बना रहता है। बैंक ऑफ इंडिया के इलेक्ट्रिक रूम में भी लगी आग दूसरी घटना बढ़ाना गेट स्थित बैंक ऑफ इंडिया के इलेक्ट्रिक रूम में हुई। रविवार को बैंक की छुट्टी होने के कारण वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। आग की सूचना मिलने पर बैंक कर्मचारियों को बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने बैंक खुलवाकर इलेक्ट्रिक रूम की जांच की। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और फिलहाल बैंक में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)