एडीजी ने बाजारों और दुर्गा मंदिरों में की पैदल गश्त:शामली में त्योहारों पर पुलिस तैनाती बढ़ाने के निर्देश, व्यापारियों से जाना सुरक्षा का हाल
शामली में शारदीय नवरात्र की शुरुआत से पहले मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने शनिवार शाम शामली पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने प्रमुख बाजारों और दुर्गा मंदिरों में पुलिसकर्मियों के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। शनिवार शाम करीब 7:30 बजे एडीजी भानु भास्कर शामली कोतवाली पहुंचे। यहां एसपी एनपी सिंह और एएसपी सुमित शुक्ला ने उनका स्वागत किया। इसके बाद एडीजी पुलिसकर्मियों के साथ शहर के प्रमुख बाजारों और दुर्गा मंदिरों में पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया और स्थानीय व्यापारियों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा संबंधी चिंताओं की जानकारी ली।
मंदिरों के आसपास तैनात रहेगा पर्याप्त पुलिस बल एडीजी ने व्यापारियों को पुलिस प्रशासन की ओर से हरसंभव सुरक्षा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। एडीजी ने निर्देश दिए कि नवरात्र और त्योहारी सीजन में बाजारों व मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रमुख मंदिरों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जाए और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए खुफिया तंत्र को सक्रिय रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मिशन शक्ति और साइबर ठगी से बचाव के लिए करें जागरूक एडीजी ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और युवतियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर अपराधों और डिजिटल ठगी से बचाव के लिए आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण, प्रभावी पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)