ई-रिक्शा चलाने की सलाह का विरोध:राष्ट्रवादी पार्टी ने ज्ञापन सौंपा, युवाओं के योग्यता के अनुरूप रोजगार देने की मांग

Sep 30, 2026 - 18:55
0
ई-रिक्शा चलाने की सलाह का विरोध:राष्ट्रवादी पार्टी ने ज्ञापन सौंपा, युवाओं के योग्यता के अनुरूप रोजगार देने की मांग
शिक्षित बेरोजगार युवाओं को ई-रिक्शा चलाने की सलाह दिए जाने पर बुधवार को इटावा में लोकप्रिय राष्ट्रवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया। विरोध स्वरूप कार्यकर्ता ई-रिक्शा चलाकर इटावा कचहरी पहुंचे और सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार के जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों द्वारा उच्च शिक्षित युवाओं को ई-रिक्शा चलाने की सलाह देना पूरी तरह अनुचित है। युवा वर्षों तक शिक्षा प्राप्त कर अपनी योग्यता के अनुरूप बेहतर रोजगार की उम्मीद करते हैं, लेकिन ऐसे बयानों से उनमें घोर निराशा पैदा होती है। कार्यकर्ताओं ने तंज कसते हुए कहा कि यदि रोजगार के लिए ई-रिक्शा चलाना ही एकमात्र विकल्प है, तो सलाह देने वालों को भी युवाओं के बीच आकर इसका उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान यह भी मुद्दा उठाया गया कि ग्रामीण और गरीब परिवेश से आने वाले छात्र बड़ी उम्मीदों के साथ उच्च शिक्षा ग्रहण करते हैं। यदि उन्हें अंततः ई-रिक्शा ही चलाना है, तो उनकी वर्षों की पढ़ाई और डिग्रियों का क्या औचित्य रह जाएगा। कार्यकर्ताओं ने सरकार से पुरजोर मांग की है कि युवाओं की शैक्षिक योग्यता और क्षमता का सही उपयोग करते हुए उन्हें उनके अनुरूप रोजगार के उचित अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User