ईशन नदी में मिला महिला का शव:5 साल से चल रहा था तलाक का केस, 2 दिन बाद शव मिलने से हड़कंप मचा
कानपुर के अरौल थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बीच पांच साल से मायके में रह रही 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। सोमवार को वह परिजनों को बिना बताए घर से निकल गई थी। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। ईशन नदी किनारे उसका दुपट्टा और चप्पल मिलने से परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। मंगलवार शाम सर्च अभियान के दौरान घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नदी में उसका शव उतराता मिला। घटना की जानकारी पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बुधवार दोपहर 12:15 बजे पुलिस को सूचना दी। अरौल के पलिया बुजुर्ग निवासी शिवशरण यादव की बेटी आरती यादव (35) की करीब 10 साल पहले कन्नौज के कसाबा निवासी नीरज यादव से शादी हुई थी। दंपती का एक बेटा आजाद है। परिजनों के मुताबिक, शादी के कुछ साल बाद आरती और उसके पति के बीच घरेलू विवाद शुरू हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद वह करीब पांच साल से अपने बेटे के साथ मायके में रह रही थी। परिजनों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच तलाक का मामला भी चल रहा है। परिजनों के अनुसार, सोमवार को आरती अचानक घर से निकल गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान ईशन नदी किनारे उसका दुपट्टा और चप्पल मिली। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पुलिस और परिजनों की ओर से नदी में तलाश शुरू की गई। मंगलवार शाम सर्च अभियान के दौरान घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नदी में आरती का शव मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अरौल पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)