ईसीसीई शिक्षक भर्ती में रैंडम सूची पर सवाल:अमेठी में अभ्यर्थियों ने मेरिट से चयन की मांग की, 130 पदों के लिए 4104 आवेदन
अमेठी में बेसिक शिक्षा विभाग की ईसीसीई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी है। जिले में 130 पदों के लिए 4104 लोगों ने आवेदन किया है। विभाग ने 390 अभ्यर्थियों की रैंडम सूची जारी कर उन्हें 4 अक्टूबर को दस्तावेज जांच और इंटरव्यू के लिए बुलाया है। रैंडम सूची जारी होने के बाद, जो अभ्यर्थी इसमें शामिल नहीं हो पाए, उन्होंने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से शिकायत की है। उनका आरोप है कि सूची बनाते समय मेरिट का ध्यान नहीं रखा गया। कई ऐसे अभ्यर्थी हैं जिनके नंबर ज्यादा हैं, लेकिन उनका नाम सूची में नहीं है। वहीं, कम नंबर वाले अभ्यर्थियों को रैंडम प्रक्रिया से चुन लिया गया है। अभ्यर्थी रेखा मिश्रा ने बताया कि 130 पदों के लिए 4104 आवेदन आए हैं। ऐसे में चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ज्यादा नंबर होने के बावजूद सूची में नाम न होने से अभ्यर्थियों में निराशा है। अभ्यर्थियों ने मांग की है कि वर्तमान सूची को रद्द करके नए सिरे से मेरिट के आधार पर सूची जारी की जाए। वहीं, लक्ष्मी मिश्रा ने कहा कि रैंडम सूची के बजाय अभ्यर्थियों की पढ़ाई और तय मानकों के आधार पर मेरिट बननी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से इस मामले की जांच कराकर सही कार्रवाई करने की मांग की है। अभ्यर्थियों ने 4 अक्टूबर को होने वाली दस्तावेज जांच और इंटरव्यू प्रक्रिया पर भी दोबारा विचार करने और सही तरीके से नई सूची जारी करने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)