मिर्जापुर में रातभर रुक-रुककर बारिश से तापमान गिरा:सड़कों पर जलभराव से लोगों की बढ़ी परेशानी; धान को फायदा, सब्जियों पर खतरा

Sep 25, 2026 - 09:55
0
मिर्जापुर में रातभर रुक-रुककर बारिश से तापमान गिरा:सड़कों पर जलभराव से लोगों की बढ़ी परेशानी; धान को फायदा, सब्जियों पर खतरा
मिर्जापुर में गुरुवार देर रात से शुरू हुई बारिश शुक्रवार सुबह भी जारी रही। रातभर रुक-रुककर हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में बादल छाए रहने और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई। सुबह लोगों को पिछले दिनों की उमस और गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, 25 से 27 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। गुरुवार को जिले में अधिकतम तापमान करीब 26.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 26 और न्यूनतम 23.8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सामान्य दिनों के मुकाबले अधिकतम तापमान में करीब 5 से 6 डिग्री की गिरावट से मौसम सुहाना हो गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। 26 सितंबर को अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री और 27 सितंबर को भी करीब 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, बादल और बारिश का असर पूरी तरह खत्म होने के बाद ही तापमान में स्पष्ट बढ़ोतरी होने की संभावना है। सड़कों पर पानी जमा, सुबह आवाजाही प्रभावित देर रात से हुई बारिश के कारण शहर और ग्रामीण इलाकों की कई सड़कों पर पानी जमा हो गया। सुबह कामकाज के लिए निकले लोगों को बारिश के कारण परेशानी हुई। बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा कम चहल-पहल दिखाई दी। निचले इलाकों में जलभराव की आशंका बनी हुई है। धान को फायदा, सब्जियों पर नुकसान का खतरा बारिश से धान की फसल को फायदा होने की उम्मीद है। खेतों में नमी बढ़ने से किसानों को सिंचाई से राहत मिलेगी। हालांकि, लगातार बारिश होने पर खेतों में पानी भरने से सब्जी और दूसरी फसलों को नुकसान हो सकता है। वृद्धों के लिए ठंड बढ़ने से परेशानी चण्डिका प्रसाद दुबे ने बताया कि बारिश और हवा वृद्ध लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई हैं। ठंडी हवाओं के कारण उन्हें ठंड महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार 25 से 27 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद मौसम में धीरे-धीरे बदलाव आने और तापमान बढ़ने के आसार हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User