एक दूसरे के घर पहुंचे MLC ऋषिपाल-MP सतीश:डिप्टी सीएम के सामने इस मुलाकात की चर्चाएं, सर्किट हाउस में मौर्य ने भरा चुनावी जोश

Sep 25, 2026 - 19:08
0
एक दूसरे के घर पहुंचे MLC ऋषिपाल-MP सतीश:डिप्टी सीएम के सामने इस मुलाकात की चर्चाएं, सर्किट हाउस में मौर्य ने भरा चुनावी जोश
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के शुक्रवार के अलीगढ़ दौरे में भाजपा की चुनावी तैयारियों के साथ संगठन के अंदर की सियासत भी चर्चा में रही। डीएवी इंटर कॉलेज के कार्यक्रम के बाद सर्किट हाउस पहुंचे मौर्य ने करीब एक घंटे तक पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। यहां उन्होंने चुनावी तैयारी में पूरी ताकत से जुटने का संदेश दिया। साफ कहा कि चुनाव का समय है, इसलिए किसी भी स्तर पर कहीं कोई कमजोरी नहीं होनी चाहिए। लेकिन इस पूरे दौरे में सबसे ज्यादा चर्चा उस तस्वीर की रही, जो आमतौर पर अलीगढ़ की भाजपा राजनीति में देखने को नहीं मिलती। एमएलसी ऋषिपाल सिंह और सांसद सतीश गौतम डिप्टी सीएम के साथ एक-दूसरे के घर पहुंचे। पहले ऋषिपाल सिंह के आवास पर मौर्य पहुंचे तो सांसद सतीश गौतम भी वहां मौजूद रहे। इसके बाद मौर्य जब सांसद सतीश गौतम के आवास पहुंचे तो ऋषिपाल सिंह भी उनके साथ वहां पहुंचे। दोनों नेताओं की यह मौजूदगी डिप्टी सीएम की मौजूदगी में हुई। भाजपा की स्थानीय राजनीति में ऋषिपाल सिंह और सतीश गौतम के अलग-अलग राजनीतिक खेमों की चर्चा होती रही है। ऐसे में एक ही दौरे में दोनों का एक-दूसरे के आवास पर पहुंचना पार्टी के भीतर चर्चा का विषय बन गया। समर्थकों और राजनीतिक हलकों में इसे संगठन के भीतर आपसी संवाद और दूरी कम होने की तस्वीर के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि दोनों नेताओं का यह साथ डिप्टी सीएम की मौजूदगी में ही रहा, इसलिए इसे किसी नए स्थायी राजनीतिक समीकरण के रूप में देखना अभी जल्दबाजी होगी। सर्किट हाउस में एक घंटे चली बैठक, चुनावी तैयारी पर जोर डीएवी इंटर कॉलेज के कार्यक्रम के बाद मौर्य सर्किट हाउस पहुंचे। यहां भाजपा के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ करीब एक घंटे बैठक हुई। उन्होंने पार्टी संगठन की गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी ली। मौर्य ने कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का संदेश दिया। उनका जोर इस बात पर रहा कि चुनावी समय में संगठन के किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं होनी चाहिए। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने और संगठन की तैयारियों को मजबूत करने के लिए उत्साहित किया। राजीव शर्मा के घर शोक जताने पहुंचे सर्किट हाउस पहुंचने से पहले मौर्य भाजपा महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा के आवास भी पहुंचे। यहां उन्होंने राजीव शर्मा के पिता के निधन पर शोक जताया और परिजनों को सांत्वना दी। इसके बाद डिप्टी सीएम एमएलसी ऋषिपाल सिंह के आवास पहुंचे। यहां पार्टी के नेताओं से मुलाकात हुई। इसके बाद वे सांसद सतीश गौतम के विद्यानगर स्थित आवास पहुंचे। फिर मेयर प्रशांत सिंघल के आवास और भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला के आवास पर भी पहुंचे। सभी स्थानों पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत और सत्कार किया। यहां से फिर लखनऊ के लिए रवाना हो गए। सबसे चर्चित रहा ऋषिपाल-सतीश का घटनाक्रम मौर्य के इस दौरे में एक तरफ जहां संगठन को चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत झोंकने का संदेश मिला, वहीं दूसरी तरफ अलग-अलग खेमों में माने जाने वाले नेताओं की एक साथ मौजूदगी ने भी राजनीतिक चर्चाओं को हवा दी। खासकर ऋषिपाल सिंह का सतीश गौतम के घर पहुंचना और सतीश गौतम का ऋषिपाल सिंह के घर मौजूद रहना पूरे दौरे की सबसे चर्चित तस्वीर बन गई। अलीगढ़ की भाजपा राजनीति में लंबे समय से अलग-अलग खेमों और राजनीतिक समीकरणों की चर्चा के बीच डिप्टी सीएम की मौजूदगी में सामने आई यह तस्वीर पार्टी के भीतर संवाद और एकजुटता के संदेश के तौर पर जरूर देखी जा रही है। इस विषय में सांसद सतीश गौतम ने इतना ही कहा कि पार्टी के बड़े नेता के साथ एक दूसरे कार्यकर्ता के घर जाना सामान्य बात है। इसमें कुछ अलग नहीं है। इसी तरह एमएलसी ऋषिपाल सिंह का कहना है कि हम एक ही पार्टी के लोग हैं। कोई अलग नहीं हैं। दोनों ने डिप्टी सीएम के आगमन पर प्रोटोकॉल का पालन किया है। इसके कोई अन्य मायने नहीं हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User