‘एक कचौरी, दो समोसा... ज्ञानेश तुम्हारा क्या भरोसा’:तख्ती लेकर प्रदर्शन में पहुंचीं इकरा हसन, दिल्ली प्रदर्शन में कैराना सांसद ने लगाए अलग अंदाज के नारे
मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और वोट चोरी के आरोपों को लेकर मंगलवार को दिल्ली में विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शन किया। कैराना से सपा सांसद इकरा हसन भी इसमें शामिल हुईं। प्रदर्शन के दौरान वह हाथों में अलग-अलग नारों वाली तख्तियां लेकर नजर आईं। इनमें एक तख्ती पर लिखा था- ‘एक कचौरी, दो समोसा, ज्ञानेश तुम्हारा क्या भरोसा’, जबकि दूसरी पर ‘BJP ही CEC है’ लिखा था। प्रदर्शन के दौरान इन तख्तियों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च, पुलिस ने रोका विपक्षी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं ने बैरिकेड के पास धरना दिया। इकरा बोलीं- 14 मौकों पर आम सहमति से नहीं हुए फैसले इकरा हसन ने प्रदर्शन के दौरान चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि 14 मौकों पर फैसले आम सहमति से नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि विपक्ष पहले दिन से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाता रहा है। इकरा हसन ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार भाजपा एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। यह विपक्ष की ओर से लगाया गया आरोप है। SIR को लेकर भी उठाए सवाल इकरा हसन ने कहा कि SIR को लेकर विपक्ष पहले भी प्रदर्शन कर चुका है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के वोट के अधिकार से जुड़े सवालों को गंभीरता से उठाया जाना चाहिए। विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूची में कथित बदलावों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इसी को लेकर वे मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। वहीं, चुनाव आयोग विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कह चुका है कि उसके फैसले निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिए जाते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)