ग्राम पंचायतों में अब लगेगा 1 रुपए प्रतिदिन स्वच्छता शुल्क:श्रावस्ती में घर-घर उठेगा कूड़ा, 6500 व्यक्तिगत शौचालयों का लक्ष्य पूरा करने को कहा
श्रावस्ती में अब सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता शुल्क अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा। ग्रामीणों से प्रतिदिन एक रुपए के हिसाब से शुल्क लिया जाएगा। इसके बदले कम शुल्क में घर-घर कूड़ा उठाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति की बैठक में डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने इसके लिए व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी ग्राम पंचायतों में कूड़ा उठाने के लिए वाहन खरीदने और नियमित डोर-टू-डोर कलेक्शन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन और गांवों की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में आरआरसी केंद्रों का नियमित संचालन कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायतों में बने कूड़ा पृथक्करण केंद्र और वर्मी कम्पोस्ट यूनिट पर केयरटेकर तैनात कर उनका रोजाना संचालन कराने तथा ओएसआर जनरेट करने पर भी जोर दिया गया। 6500 व्यक्तिगत शौचालयों का लक्ष्य वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में 6500 व्यक्तिगत शौचालय बनाने का लक्ष्य निर्धारित है। डीएम ने चयनित लाभार्थियों का सत्यापन कर उन्हें शौचालय की सुविधा से आच्छादित करने के निर्देश दिए। सामुदायिक शौचालयों का प्रतिदिन संचालन कराने और केयरटेकर को समय से मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने को भी कहा गया। नगर क्षेत्रों में प्लास्टिक रिसाइकिलिंग प्लांट की कार्ययोजना डीएम ने नगर क्षेत्रों में प्लास्टिक रिसाइकिलिंग प्लांट स्थापित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन यूनिट और गोबरधन प्लांट की स्थापना के लिए शासनादेश के अनुसार क्रेडिट लिमिट जारी करने के संबंध में चर्चा की गई। बैठक के अंत में स्वच्छ भारत मिशन फेज-2 के तहत ठोस अपशिष्ट का बेहतर प्रबंधन करने वाली टंडवा महन्थ, कटरा और ददौरा ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं प्रशासकों को डीएम ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)