'एक शाम बुद्ध के नाम' कार्यक्रम:156 देशों के डाक टिकट प्रदर्शित किए, कवियों ने बांधा समां
लखीमपुर-खीरी में छाउछ रोड स्थित सार्थक लाइब्रेरी में परिवर्तन फाउंडेशन के तत्वावधान में 'एक शाम बुद्ध के नाम' नामक एक विशेष साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बुद्ध दर्शन और पूरी दुनिया को दिए गए उनके संदेशों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में जहां एक ओर भगवान बुद्ध पर आधारित 156 देशों के डाक टिकटों का अनूठा संग्रह प्रदर्शित किया गया, वहीं दूसरी ओर स्थानीय कवियों और साहित्यकारों ने अपनी कविताओं के जरिए श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस साहित्यिक आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. राकेश माथुर ने भगवान बुद्ध पर जारी 156 देशों के डाक टिकटों के अपने अनूठे संग्रह का प्रदर्शन किया। उन्होंने इन टिकटों के माध्यम से बौद्ध दर्शन की वैश्विक प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित कवि रमाकांत चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बुद्ध ने पूरी दुनिया को जो मानवता और शांति का संदेश दिया है, वह सर्वकालिक और अमिट है। कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार सुरेश सौरभ ने कहा कि बुद्ध के विचार समाज के लिए आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और हमेशा रहेंगे। काव्य संध्या के दौरान कवि पावन तारा, डॉ. विजय शुक्ल 'बादल', शिवम सार्थक, राहुल सोनी, रामप्रताप लक्खा और संयोजक श्याम किशोर 'बेचैन' ने बुद्ध-दर्शन पर आधारित अपनी एक से बढ़कर एक कविताएं सुनाकर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। इसके अलावा नवोदित कवयित्रियों ने भी अपने सुमधुर कंठ से बेहतरीन काव्यपाठ कर वहां मौजूद सभी लोगों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के समापन पर परिवर्तन फाउंडेशन की ओर से उपस्थित सभी लोगों को भगवान बुद्ध के दर्शन और विचारों से जुड़ा साहित्य सप्रेम भेंट किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)