एनसीबी का ग्रेटर नोएडा में ऑपरेशन क्रिस्टल हंट:दो ड्रग्स लैब का भंडाफोड़, 380 किलो नशीला पदार्थ बरामद, विदेशी नागरिक समेत दो गिरफ्तार
जिले में किराये के ठिकानों पर नशीले पदार्थ बनाने का कारोबार चल रहा था। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने जहांनाबाद कादलपुर गांव में छापेमारी कर सिंथेटिक ड्रग्स बनाने वाली दो कथित लैब का भंडाफोड़ किया है। मौके से करीब 380 किलोग्राम एम्फेटामाइन युक्त पदार्थ, 10 किलोग्राम स्यूडोएफेड्रिन, कई तरह के रसायन और लैब में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। मामले में विदेशी नागरिक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। एनसीबी की इस कार्रवाई की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सराहना की है।
यह किया गया बरामद एनसीबी ने यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर ऑपरेशन क्रिस्टल हंट के तहत की। छापेमारी के दौरान दोनों ठिकानों से 4.260 किलोग्राम ठोस, 157.700 किलोग्राम अधपका और 217.780 किलोग्राम तरल रूप में एम्फेटामाइन युक्त पदार्थ बरामद हुआ। इसके अलावा 10 किलोग्राम स्यूडोएफेड्रिन भी जब्त किया गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, बरामद पदार्थ से करीब 56 किलोग्राम तैयार क्रिस्टलीय एम्फेटामाइन बनाई जा सकती थी। कई खतरनाक केमिकल मिले लैब में मिले खतरनाक रसायन और उपकरण
छापेमारी के दौरान दोनों ठिकानों पर नशीले पदार्थ तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले कई रसायन और उपकरण मिले। इनमें हाइड्रोक्लोरिक एसिड, एसीटोन, टोल्यून, सल्फ्यूरिक एसिड और पोटैशियम परमैंगनेट जैसे रसायन शामिल हैं। इसके अलावा बड़े हीटिंग उपकरण, कांच के रिएक्शन वेसल और ड्रम भी जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन ठिकानों पर कब से नशीले पदार्थ बनाने का काम चल रहा था और तैयार ड्रग्स की आपूर्ति कहां की जानी थी। विदेशी नागरिक समेत दो गिरफ्तार एनसीबी ने मामले में विदेशी नागरिक डेस्टिनी अब्राहम डंबिरी और मिजोरम की रहने वाली लाल्लावमजुआली उर्फ ओलिविया लालछाविमावी को गिरफ्तार किया है। एजेंसी के मुताबिक, डंबिरी ने खुद को नाइजीरिया का नागरिक बताया था। हालांकि, आव्रजन रिकॉर्ड में उसके जनवरी 2020 में फ्रांसिस कालोकोह नाम से सिएरा लियोन के नागरिक के रूप में भारत आने की जानकारी मिली है। उसके वीजा और अलग-अलग पहचानों की जांच की जा रही है।
दूसरी आरोपित ओलिविया को मार्च 2026 में गोवा के डाबोलिम हवाई अड्डे पर हेरोइन से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। उस दौरान उसके चेक-इन बैग से 313 ग्राम हेरोइन युक्त पाउडर बरामद हुआ था। वह उस मामले में जमानत पर है। एनसीबी अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, नशीले पदार्थों की आपूर्ति और आर्थिक लेनदेन की जानकारी जुटा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)