कानपुर कचहरी में नेगी भाइयों और वकीलों के बीच हाथापाई:पूर्व महामंत्री पर मारपीट का आरोप, दोनों पक्षों ने शिकायत की
कानपुर कचहरी में शनिवार को मुकदमे की सुनवाई के लिए पहुंचे गेस्ट हाउस संचालक नेगी बंधुओं और अधिवक्ता पक्ष के बीच विवाद हो गया। कोर्ट परिसर की दूसरी मंजिल पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट और हंगामे का आरोप है। मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट-41 में एक व्यक्ति की अग्रिम जमानत अर्जी पर सुनवाई से जुड़ा है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। दोनों पक्षों ने पुलिस से शिकायत की है। एसीपी अमित पांडेय के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। तीन दिन में जांच रिपोर्ट दी जाएगी। नेगी बंधुओं ने लगाए मारपीट और रुपये छीनने के आरोप गेस्ट हाउस संचालक गजेंद्र सिंह नेगी के भाई सुमित नेगी ने कोतवाली में तहरीर दी है। इसमें कहा गया है कि शनिवार को फास्ट ट्रैक कोर्ट-41 में अमित कटियार की अग्रिम जमानत अर्जी पर सुनवाई होनी थी। इस मुकदमे में सुमित और उनके बड़े भाई शिवचरण सिंह नेगी चश्मदीद गवाह हैं। दोनों मुकदमे की पैरवी के लिए कचहरी पहुंचे थे। आरोप है कि कोर्ट के बाहर खड़े होने के दौरान बार एसोसिएशन के एक पूर्व महामंत्री अपने साथियों के साथ पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराया। कुछ देर बाद दोनों भाई कोर्ट परिसर की दूसरी मंजिल पर स्थित एक दुकान पर पहुंचे तो आरोपी भी वहां आ गए। आरोप है कि उन्होंने मुकदमे में पैरवी न करने का दबाव बनाया, जान से मारने की धमकी दी और घेरकर पीटा। सुमित ने जेब से पांच हजार रुपये निकालने का भी आरोप लगाया है। अधिवक्ता ने भी दी शिकायत, नेगी बंधुओं पर लगाया आरोप दूसरे पक्ष की ओर से अधिवक्ता शोभित राजपूत ने पुलिस कमिश्नर को प्रार्थना पत्र दिया है। इसमें कहा गया है कि वह अपने वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ डॉ. अमित कटियार की जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि वहां सुमित और शिवचरण नेगी अपने तीन-चार साथियों के साथ आए और वरिष्ठ अधिवक्ता से अभद्रता करने लगे। वहां मौजूद अधिवक्ताओं ने उन्हें डांटकर वहां से भेज दिया। शोभित राजपूत का आरोप है कि कुछ देर बाद दूसरी मंजिल पर स्थित कोर्ट में दूसरे मुकदमे की पैरवी के लिए जाते समय फल की दुकान के पास सुमित, शिवचरण और उनके साथियों ने उन्हें पकड़ लिया। उनके साथ धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी दी। अधिवक्ताओं के बीच-बचाव करने पर आरोपी वहां से चले गए। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है। नेगी बंधु देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज कराने और मेडिकल कराने के लिए कोतवाली में मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)