एसडीएम के खिलाफ लेखपालों का कार्य बहिष्कार, तबादले की मांग:सोनभद्र में धरना देकर जताया विरोध, विभागीय कार्रवाई समाप्त करने की मांग

Sep 28, 2026 - 22:20
0
एसडीएम के खिलाफ लेखपालों का कार्य बहिष्कार, तबादले की मांग:सोनभद्र में धरना देकर जताया विरोध, विभागीय कार्रवाई समाप्त करने की मांग
सोनभद्र के राबर्ट्सगंज तहसील में एसडीएम सदर की कार्यप्रणाली और दुर्व्यवहार से नाराज लेखपालों ने सोमवार को संपूर्ण कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। शाम करीब 7 बजे तहसील परिसर में लेखपालों ने धरना देकर एसडीएम सदर के तबादले की मांग उठाई। लेखपालों का आरोप है कि उनके साथ लगातार दुर्व्यवहार और मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। इसी से नाराज होकर संगठन ने कलमबंद हड़ताल का निर्णय लिया। रामचंद्र पर विभागीय कार्रवाई को लेकर नाराजगी लेखपालों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा 24 से जुड़े एक मामले में पत्थरगढ़ी और फील्डबुक जमा नहीं करने के आरोप में लेखपाल रामचंद्र के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है। उनका कहना है कि रामचंद्र का डीपीसी प्रकरण भी चल रहा है। जांच अधिकारी की ओर से जांच आख्या प्रस्तुत किए जाने के बाद भी विभागीय कार्रवाई समाप्त नहीं की गई है। लेखपालों का आरोप है कि कार्रवाई समाप्त करने का अनुरोध एसडीएम सदर से किया गया था, लेकिन उनकी ओर से कार्रवाई समाप्त नहीं करने की बात कही गई। इसी मामले को लेकर लेखपालों में नाराजगी बढ़ी और उन्होंने सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। तहसील अध्यक्ष बोले- दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं तहसील अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि लेखपालों के साथ किसी भी स्तर पर दुर्व्यवहार और मानसिक उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रामचंद्र के मामले में जांच प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद कार्रवाई लंबित रहने से लेखपालों में आक्रोश है। संगठन अपने साथी के साथ खड़ा है। उन्होंने एसडीएम सदर की कार्यप्रणाली की जांच कराने और उनका तबादला करने की मांग की। मंगलवार सुबह फिर शुरू होगा कार्य बहिष्कार लेखपालों ने कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता और एसडीएम की कार्यप्रणाली को लेकर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाने की चेतावनी दी। सोमवार शाम करीब दो घंटे धरना देने के बाद लेखपालों ने हड़ताल समाप्त कर दी। संगठन ने मंगलवार सुबह 10 बजे से फिर कार्य बहिष्कार और हड़ताल जारी रखने की बात कही है। ये लेखपाल रहे मौजूद धरने में तहसील अध्यक्ष संजय सिंह, तहसील मंत्री साजिद खान वारसी, अभिनव, शैलेंद्र, मनीष, रामचंद्र, पंकज, मुकेश, सुधीर, अभिषेक, रत्नेश और संजीव श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User