एसएन में तीमारदारों से मारपीट, मोबाइल तोड़े:खून जांच के 265 रुपये मांगने पर सवाल किया तो भड़का स्टाफ, पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी

Oct 19, 2026 - 07:52
0
एसएन में तीमारदारों से मारपीट, मोबाइल तोड़े:खून जांच के 265 रुपये मांगने पर सवाल किया तो भड़का स्टाफ, पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में रविवार रात खून की जांच कराने पहुंचे तीमारदारों और सर्जरी विभाग की लैब के स्टाफ के बीच विवाद हो गया। तीमारदारों ने स्टाफ पर मारपीट करने और दो मोबाइल तोड़ने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जांच के लिए 265 रुपये शुल्क मांगा गया था। इस पर उन्होंने पूछा कि जांच निशुल्क नहीं होती है क्या? आरोप है कि इस सवाल पर स्टाफ ने अभद्रता की। तीमारदारों ने मोबाइल से वीडियो और फोटो बनाए तो कर्मचारी भड़क गए। आरोप है कि बाहर आकर मोबाइल छीनकर तोड़ दिए और अन्य कर्मचारियों को बुलाकर दोनों तीमारदारों के साथ मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की और सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। कॉलेज प्रशासन ने भी जांच कराने की बात कही है। पथवारी निवासी सुधांशु कठेरिया ने बताया कि उनके फूफा वीरेंद्र सिंह (47) शिकोहाबाद में रहते हैं। रेल हादसे में उनके दोनों पैर कट गए थे। इसके बाद बीते गुरुवार को उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज की नई सर्जरी बिल्डिंग में भर्ती कराया गया था। रविवार रात डॉक्टर ने खून की जांच कराने के लिए कहा। इस पर वह अपने फुफेरे भाई अंकित कठेरिया के साथ खून का नमूना लेकर दूसरी मंजिल पर स्थित लैब पहुंचे। तीमारदार का आरोप- वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनकर तोड़े सुधांशु कठेरिया के मुताबिक, लैब में स्टाफ आशुतोष ने जांच के लिए 265 रुपये मांगे। इस पर उन्होंने पूछा कि जांच के लिए पैसे लगते हैं या यह निशुल्क नहीं होती है। आरोप है कि इस पर स्टाफ ने कहा कि जांच करानी है तो कराओ, नहीं तो यहां से जाओ। इसके बाद उन्होंने शुल्क का भुगतान कर दिया। सुधांशु का कहना है कि उन्होंने अपने मोबाइल से वीडियो बनाई और फोटो खींच लीं। इससे स्टाफ भड़क गया और बाहर आकर उनका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। आरोप है कि इसके बाद कर्मचारियों को बुलाकर सुधांशु और उनके फुफेरे भाई अंकित के साथ मारपीट की गई। उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। प्राचार्य बोले- प्रमुख अधीक्षक से कराई जा रही जांच एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि तीमारदार और लैब स्टाफ के बीच मारपीट की जानकारी मिली है। प्रमुख अधीक्षक को भेजकर मामले की जांच कराई जा रही है। वहीं, डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार ने कहा कि शिकायत के आधार पर जांच कराई जाएगी। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User