एटा में संपूर्ण समाधान दिवस में 128 शिकायतें:जलेसर में डीएम ने सुनीं फरियादें, 26 का मौके पर निस्तारण

Oct 03, 2026 - 18:27
0
एटा में संपूर्ण समाधान दिवस में 128 शिकायतें:जलेसर में डीएम ने सुनीं फरियादें, 26 का मौके पर निस्तारण
एटा। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शनिवार को जिले की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जलेसर तहसील में जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। शुक्रवार शाम 6 बजे तक प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी भी जिलाधिकारी ने शनिवार शाम 6 बजे आधिकारिक पटल के माध्यम से साझा की। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के समाधान में सिर्फ कागजी कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें। उन्होंने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीमों को तत्काल मौके पर भेजकर जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत किसी भी माध्यम से प्राप्त हुई हो, अधिकारी शिकायतकर्ता से बात कर उसका फीडबैक जरूर लें। शिकायत के निस्तारण के बाद मौके की स्थिति और की गई कार्रवाई की फोटो भी अपलोड की जाए, ताकि निस्तारण की गुणवत्ता स्पष्ट हो सके। उन्होंने कहा कि शिकायत का समाधान केवल पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पात्र व्यक्ति को वास्तविक न्याय मिलना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि बिना सत्यापन या शिकायतकर्ता से संवाद किए औपचारिक रूप से शिकायत का निस्तारण करने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने पूर्व में संपूर्ण समाधान दिवस समेत विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की और संबंधित शिकायतकर्ताओं से फोन पर फीडबैक लिया। अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता के साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि को भी प्राथमिकता देने और किसी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें सुनीं। उन्होंने क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निष्पक्षता और तत्परता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तीनों तहसीलों में 128 शिकायतें, 26 का निस्तारण जलेसर तहसील में कुल 80 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 15 का मौके पर निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के लिए भेजा गया। एटा सदर तहसील में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय नारायण सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 23 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 6 का मौके पर समाधान कराया गया। अलीगंज तहसील में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चंद्र प्रकाश पाठक की अध्यक्षता में 25 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 5 का मौके पर निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए स्थलीय सत्यापन और नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। जलेसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी विपिन वर्मा, एसडीएम पीयूष रावत, क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, तहसीलदार हेरेंश कर्दम, नायब तहसीलदार मनीष कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, उपनिदेशक कृषि सुमित कुमार, जिला कृषि अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद जलेसर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User