एटा मंडी में धान की आवक से जाम:डीएम ने लिया जायजा, वाहनों के प्रवेश-निकास पर एकल लाइन, पर्ची पर दर्ज होगा आने-जाने का समय
एटा की नवीन मंडी समिति में धान की आवक बढ़ने से वाहनों का जाम लग रहा है। इस समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने गुरुवार को मंडी का दौरा किया। उन्होंने वाहनों के प्रवेश-निकास, धान की तौल और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को किसानों को कोई असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। डीएम ने साफ निर्देश दिए कि मंडी में वाहनों का प्रवेश और निकास एक ही लाइन में हो। प्रवेश पर्ची पर वाहन के आने और निकलने का समय दर्ज किया जाए। इससे वाहनों की आवाजाही नियंत्रित होगी और जाम पर नजर रखी जा सकेगी। उन्होंने मंडी के गेटों और धान लाने वाले रास्तों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। जिलाधिकारी ने मंडी सचिव कपिल कुमार गुप्ता और एसडीएम सदर श्वेता सिंह को आढ़तियों के साथ बैठक करने को कहा। उन्होंने सभी धर्मकांटों पर धान की तौल की एक जैसी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसका मकसद किसानों का समय बचाना और उन्हें तौल के लिए भटकने से रोकना है। इस दौरान तहसीलदार सदर नीरज वार्ष्णेय समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)