संभल में NHM कर्मचारियों का आंदोलन शुरू:समान कार्य-समान वेतन और नियमितीकरण की मांग, 12 अक्टूबर को लखनऊ में प्रदर्शन

Oct 08, 2026 - 16:02
0
संभल में NHM कर्मचारियों का आंदोलन शुरू:समान कार्य-समान वेतन और नियमितीकरण की मांग, 12 अक्टूबर को लखनऊ में प्रदर्शन
संभल में समान कार्य के लिए समान वेतन और नियमितीकरण की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश एड्स कंट्रोल सोसाइटी एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से जुड़े कर्मचारियों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। प्रदेश संगठन के आह्वान पर गुरुवार को 2 बजे कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर कार्य किया। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद उनकी मांगों पर सरकार द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। आंदोलन के तहत 8 अक्टूबर से लगातार तीन दिन तक कर्मचारी काला फीता बांधकर कार्य करेंगे। इसके बाद, नौ और 10 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर शांतिपूर्वक बैठकर कार्य बहिष्कार किया जाएगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि इसके बाद भी सरकार उनकी मांगों पर विचार नहीं करती है तो 12 अक्टूबर को संभल से बसों के माध्यम से लखनऊ के ईको गार्डन पार्क पहुंचकर प्रदेशव्यापी आंदोलन में शामिल होंगे। कर्मचारियों के अनुसार जनपद संभल में उत्तर प्रदेश एड्स कंट्रोल सोसाइटी और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत करीब 1300 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें एचआईवी, सिफिलिस, हेपेटाइटिस-बी, एनसीडी, जननी सुरक्षा योजना, एनटीईपी, जिला लेखा प्रबंधन इकाई, प्रसव कक्ष, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय अंधता एवं दृष्टि दोष नियंत्रण कार्यक्रम, सीएचओ, एएनएम तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एनबीएसयू और एसएनसीयू जैसी सेवाएं शामिल हैं। कर्मचारियों ने कहा कि वे ओपीडी से लेकर इमरजेंसी तक मरीजों को सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। इसके बावजूद वेतन एवं सेवा सुरक्षा को लेकर लंबे समय से असमानता बनी हुई है। कर्मचारियों ने सरकार से दोनों मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। आंदोलन में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सुदेश सिंह यादव, काउंसलर वैभव गुप्ता, आशुतोष शर्मा, ललित कुमार, डॉ. अंशुमा कौशिक, सिद्धांत, शशि, डॉ. नीलोफर, यतेन्द्र सैनी, शोभित कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User