एत्मादपुर से सर्वेश बघेल पर दांव लगा सकती है बसपा:22 नवंबर को आकाश आनंद करेंगे जनसभा, बूथ कमेटियों को सक्रिय किया
यूपी चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) आगरा की एत्मादपुर विधानसभा सीट से सर्वेश बघेल को प्रत्याशी घोषित कर सकती है। इसके लिए 22 नवंबर को बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की जनसभा प्रस्तावित है। जनसभा के दौरान सर्वेश बघेल के नाम की घोषणा किए जाने की संभावना है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उनकी दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही है। बसपा ने प्रत्याशी चयन के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की कवायद भी शुरू कर दी है। जनसभा के लिए स्थल चयन से लेकर कार्यकर्ताओं और युवाओं से संपर्क करने तक की तैयारियां चल रही हैं। मंडल प्रभारी के साथ सेक्टर और बूथ स्तर की कमेटियों को भी सक्रिय किया गया है। पार्टी की कोशिश है कि चुनाव से कई महीने पहले ही प्रत्याशी को क्षेत्र में काम करने का मौका मिले और संगठन की गतिविधियां गांव-गांव तक पहुंचें। 6 स्थानों पर चल रहा जनसभा स्थल का मंथन 22 नवंबर को प्रस्तावित जनसभा के लिए एत्मादपुर क्षेत्र में कई स्थानों पर विचार किया जा रहा है। इनमें एत्मादपुर का मॉडल स्कूल, बरहन रोड का मैदान, कालिंदी विहार स्थित पेठा नगरी पार्क, 100 फीट रोड कालिंदी विहार, पीली पोखर और कुबेरपुर के पास एक्सप्रेसवे के नजदीक का क्षेत्र शामिल है। अंतिम स्थल का चयन होना बाकी है। बसपा कार्यकर्ता जनसभा में अधिक से अधिक लोगों, खासकर युवाओं को शामिल कराने के लिए संपर्क कर रहे हैं। इसके लिए विधानसभा क्षेत्र के साथ आगरा मंडल के अन्य इलाकों के कार्यकर्ताओं को भी जुटाने की योजना है। सेक्टर और बूथ कमेटियों की बैठकों के जरिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। जनसभा में शिक्षा, रोजगार और महंगाई जैसे मुद्दों को उठाने की तैयारी है। पार्टी अपने शासनकाल में किए गए कार्यों को भी जनता के सामने रखने की रणनीति बना रही है। बसपा के स्थानीय पदाधिकारियों के मुताबिक, जनसभा के माध्यम से चुनावी गतिविधियों को गति देने और युवाओं से संवाद बढ़ाने पर जोर रहेगा। एत्मादपुर सीट से जुड़े कुछ तथ्य आगरा में कभी 6 सीटों पर जीती थी बसपा आगरा जिले की विधानसभा सीटों पर बसपा का प्रदर्शन भी पिछले वर्षों में बदला है। वर्ष 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों में पार्टी ने जिले की 9 विधानसभा सीटों में से 6-6 पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2017 और 2022 के चुनावों में पार्टी जिले में एक भी विधानसभा सीट नहीं जीत सकी। यही वजह है कि आगामी चुनाव के लिए पार्टी पहले से प्रत्याशी घोषित करने और संगठन को सक्रिय करने पर जोर दे रही है। खेरागढ़ सीट से नीरज रावत के नाम की घोषणा के बाद अब एत्मादपुर पर नजर है। पार्टी की तैयारी नवंबर तक आगरा की अन्य विधानसभा सीटों पर भी प्रत्याशियों के नाम तय करने की है। संपर्क बढ़ाने की तैयारी बसपा संगठन में भाईचारा कमेटियों के गठन और सामाजिक समूहों के बीच संपर्क बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर मुस्लिम भाईचारा कमेटी के संयोजक के रूप में कामरान अहमद और पिछड़ा वर्ग भाईचारा कमेटी के संयोजक के रूप में दीपक बघेल को जिम्मेदारी दिए जाने की जानकारी सामने आई है। पार्टी की रणनीति में संगठन विस्तार, प्रत्याशी को पहले से क्षेत्र में सक्रिय करने और युवाओं को जोड़ने जैसे बिंदु शामिल हैं। ऐसे में 22 नवंबर की जनसभा को एत्मादपुर में बसपा की आगामी चुनावी तैयारियों के महत्वपूर्ण कार्यक्रम के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, सर्वेश बघेल की उम्मीदवारी और जनसभा स्थल को लेकर पार्टी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)