गाजियाबाद में फैक्ट्री से चोरी के 3 आरोपी गिरफ्तार:चोरी में इस्तेमाल कार, मशीनरी पार्ट और 4 हजार रुपए बरामद
गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना पुलिस ने फैक्ट्री में चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार, लोहे के छह मशीनरी पार्ट, पावर टूल्स ड्रिल, दो तांबे की लीड, एक कमानी, दो मोबाइल फोन और चार हजार रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश, शाहरुख और राजेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 3 अक्टूबर को जागृति विहार, सेक्टर-23 संजयनगर निवासी शाबिर अपने कारखाने से सामान चोरी करते हुए आकाश और शाहरुख को पकड़कर थाने लेकर पहुंचे थे। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वीवीआईपी निर्माणाधीन फ्लैट के पीछे रेलवे लाइन से सटे मार्ग के पास एक आरोपी राजेश को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से चोरी में इस्तेमाल कार और फैक्ट्री से चोरी किया गया सामान बरामद हुआ। पूछताछ में राजेश ने पुलिस को बताया कि 2 अक्टूबर की रात वह अपने दोनों साथियों आकाश और शाहरुख के साथ कार से चोरी के इरादे से कई फैक्ट्रियों की रेकी कर रहा था। वर्धमानपुरम चौकी के पास एक फैक्ट्री में गेट नहीं होने पर दोनों साथी अंदर घुसे और सामान चोरी कर कार में रख लिया। चोरी का सामान बेचने से पहले तीनों को सामान कम लगा तो दोबारा उसी फैक्ट्री में पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, इस दौरान फैक्ट्री में शोर होने पर आसपास के लोग और कर्मचारी आरोपियों की ओर दौड़े। राजेश मौके से भाग निकला और तय स्थान पर अपने साथियों का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)