गांधी जयंती समारोह:सीपी चंद बोले- उनके सिद्धांतों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि
महात्मा गांधी को केवल पढ़ना और उनके विचारों पर चर्चा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। ये बातें विधान परिषद सदस्य (MLC) सीपी चंद ने बुधवार को गांधी भवन में आयोजित 'गांधी जयंती सप्ताह' के समापन समारोह के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि सफलता की मंजिल कितनी भी बड़ी क्यों न हो, उसे पाने के लिए गलत साधनों का सहारा नहीं लिया जा सकता। गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में राहुल देव को ‘महात्मा गांधी सम्मान’ और नवीन जोशी को ‘आचार्य नरेंद्र देव सम्मान’ से नवाजा गया। इससे पूर्व समारोह में सीपी चंद, राहुल देव, नवीन जोशी और पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह को संबोधित करते हुए राहुल देव ने कहा कि बापू को विश्वभर में जो सम्मान मिला है, वह उनके विचारों की व्यापक स्वीकार्यता का सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आज नए भारत के निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी हमारी नई पीढ़ी पर है, इसलिए बच्चों को गांधी जी के जीवन और विचारों से जोड़ना बेहद जरूरी है। वहीं, नवीन जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि सत्य, अहिंसा, सद्भाव और सामाजिक एकता के गांधीवादी विचार आज के दौर में भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम के अंत में समारोह के दौरान आयोजित हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को सीपी चंद और अरविंद सिंह गोप ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस पूरे कार्यक्रम की अध्यक्षता मो. उमेर किदवई ने की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)