गांधी पार्क में फोनपे कर्मचारी से मारपीट:6-7 युवकों ने पंच और नुकीले हथियारों से पीटा, वीडियो वायरल; एक हफ्ते बाद भी कार्रवाई नहीं
गाजियाबाद के गांधी पार्क में फोनपे कंपनी के एसोसिएट कर्मचारी अमित गौतम के साथ छह-सात युवकों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। घटना एक अक्टूबर की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों के हाथ में पंच और नुकीले हथियार थे। आरोप है कि युवकों ने उसे घेरकर जमकर पीटा। मामले में शिकायत दिए करीब एक सप्ताह बीतने के बावजूद पीड़ित का कहना है कि पुलिस की ओर से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मामला सिहानी गेट थाना क्षेत्र की लोहिया नगर चौकी के अंतर्गत गांधी पार्क का है। अमित गौतम ने बताया कि 30 सितंबर को उसके साथ काम करने वाले एक युवक से किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हो गई थी। उस समय मामला ज्यादा नहीं बढ़ा। अमित के मुताबिक, अगले ही दिन यानी एक अक्टूबर को वह गांधी पार्क में था। इसी दौरान छह-सात युवक वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि युवकों ने उसे घेर लिया और लात-घूंसों से पीटने के साथ ही पंच और नुकीले हथियारों से हमला करने की कोशिश की। इस दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। अमित गौतम का कहना है कि घटना के बाद उसने पुलिस से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की, लेकिन करीब एक सप्ताह बीतने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस की ओर से उस पर समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। सिहानी गेट थाना प्रभारी का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त हो चुकी है और पुलिस जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित अमित गौतम ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)