गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिस लाइन में राष्ट्रसेवा का संकल्प:मैनपुरी में एसपी ने कहा- देश की एकता और कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को मैनपुरी पुलिस लाइन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र, संविधान और कर्तव्य के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई। एसपी ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत किया। दोनों महापुरुषों का जीवन पुलिसकर्मियों के लिए भी कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और भाईचारे का वातावरण बनाए रखना भी उसका महत्वपूर्ण दायित्व है। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने संकल्प लिया कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के साथ संविधान की भावना के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। शपथ में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास और उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समानता के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया गया। पुलिसकर्मियों ने आपसी बंधुता और सर्वधर्म समभाव के साथ राष्ट्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहने की शपथ ली। कार्यक्रम के दौरान एसपी ने पुलिस लाइन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को बेहतर रखने तथा आवश्यक सुधार के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने कार्य के दौरान अनुशासन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ जनता की समस्याओं का समाधान करने पर जोर दिया। कर्मचारियों को उपहार भेंट इस मौके पर एसपी सिटी अरुण कुमार, एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी, यातायात क्षेत्राधिकारी दीपशिखा, क्षेत्राधिकारी सिटी अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पुलिस लाइन के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)