गौरा चौराहा जलमग्न-दंतरंगवा डीप पर दो फीट से ज्यादा पानी:बलरामपुर में बारिश से जनजीवन प्रभावित, पुलिस थाने में भी भरा पानी, विधायक ने किया दौरा
बलरामपुर - तीन दिनों तक हुई लगातार तेज बारिश और सीरिया व नकटी नाला में आई बाढ़ का पानी अब गौरा चौराहा क्षेत्र के लिए मुसीबत बन गया है। जगह-जगह जलभराव से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। गौरा-तुलसीपुर राजमार्ग के दंतरंगवा डीप पर दो फीट से अधिक पानी बह रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जलस्तर लगातार बढ़ने से मार्ग पर आवागमन को लेकर खतरा भी बढ़ता जा रहा है। गौरा चौराहा थाना परिसर भी जलभराव की चपेट में आने लगा है। पानी बढ़ता देख पुलिसकर्मियों ने निचली मंजिल में रखा सामान निकालकर दूसरी मंजिल और ऊंचे स्थानों पर सुरक्षित करना शुरू कर दिया है। वहीं, गौरा चौराहा से चौखड़ा जाने वाले मार्ग पर भी सड़क के ऊपर पानी बहने लगा है। तुलसीपुर रोड पर भी पानी का बहाव शुरू होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी इमरान खान, सलीम, अख्तर कादरी, गौरव कुमार और मंजूर अहमद ने बताया कि बारिश के साथ पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में आवागमन मुश्किल होता जा रहा है। लोगों ने जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए जाने की मांग की है। इधर, सदर विधायक पलटूराम ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जलभराव वाले स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। बारिश और बाढ़ के पानी का दबाव बढ़ने से क्षेत्र के लोगों की चिंता भी बढ़ गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)