घाटमपुर के टिकवांपुर में बनेगा महिला अस्पताल और ऑडिटोरियम:डीएम ने दिया आश्वासन, अस्पताल शुरू होने तक रोज बैठेंगे डॉक्टर

Oct 04, 2026 - 18:36
0
घाटमपुर के टिकवांपुर में बनेगा महिला अस्पताल और ऑडिटोरियम:डीएम ने दिया आश्वासन, अस्पताल शुरू होने तक रोज बैठेंगे डॉक्टर
घाटमपुर के टिकवांपुर में महिला अस्पताल और प्रसूति केंद्र शुरू करने के साथ प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) बनाने की पहल की जाएगी। शनिवार को महाकवि भूषण फाउंडेशन के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने यह भरोसा दिलाया। डीएम ने कहा कि गांव के विकास के लिए प्रशासन जरूरी कदम उठाएगा। उन्होंने बताया कि समाजसेवी रवींद्र कुमार मिश्र ‘विपिन’ की ओर से दान किए गए भवन में अस्पताल शुरू होने तक एक चिकित्सक और महिला डॉक्टर रोज मरीजों की जांच करेंगे। जन्मभूमि परिसर में सफाई और प्रेक्षागृह की मांग प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर महाकवि भूषण की जन्मभूमि परिसर में मवेशी बांधने और भूसा रखने पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही भूषण की फुलवारी में जमा कूड़े और गंदगी की सफाई कराने को कहा। प्रतिनिधियों का कहना था कि प्रेक्षागृह बनने से महाकवि भूषण के साहित्य और रचनाओं पर विश्वविद्यालय स्तर के संवाद के साथ साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। संपर्क मार्ग चौड़ा कराने की जरूरत हमीरपुर रोड से टिकवांपुर तक करीब एक किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर चौड़ा कराने की मांग भी उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रास्ते पर अतिक्रमण के कारण बड़े वाहन और अग्निशमन की गाड़ियां गांव तक नहीं पहुंच पातीं। बिजली परियोजना का नाम बदलने का सुझाव ज्ञापन में घाटमपुर तापीय विद्युत परियोजना का नाम महाकवि भूषण के नाम पर रखने और स्थानीय लोगों को रोजगार में अवसर देने की मांग की गई। इसके अलावा गांव के अमृत सरोवरों की सफाई कराने और वर्षाजल संचयन की व्यवस्था दुरुस्त करने की बात भी रखी गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User