घायलों की सलामती की दुआ कर रहे परिजन:बलरामपुर में सड़क हादसे में गई थी 3 की जान, 3 का चल रहा इलाज
बलरामपुर में शनिवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने चरनगहिया-बेलहा गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे के तीसरे दिन भी मृतकों के घरों में मातम पसरा है और परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। किसी ने अपना बेटा खोया तो किसी के सिर से अपनों का साया उठ गया। पाटेश्वरी प्रसाद (37), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (37) की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। हादसे की याद आते ही ग्रामीणों की आंखें नम हो जा रही हैं। दुर्गा मंदिर के सामने जिस स्थान पर शनिवार रात आरती के बाद लोग पर्दा लगाकर फिल्म देख रहे थे, वहां अब हादसे की चर्चा है। कुछ ही पलों में खुशियों और सामान्य माहौल से भरी जगह पर चीख-पुकार मच गई थी। घटना के बाद से गांव के लोग गमगीन हैं। मृतकों के परिवारों को सांत्वना देने के लिए लोग पहुंच रहे हैं,लेकिन अपनों को खोने का दर्द कम होने का नाम नहीं ले रहा है। हादसे में घायल डब्लू गुप्ता की हालत में अभी सुधार नहीं हुआ है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर किया गया था, जहां जगरानी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। परिवार के लोग उनकी सेहत में सुधार की आस लगाए बैठे हैं। वहीं, जिला मेमोरियल अस्पताल में भर्ती दो अन्य घायलों का भी इलाज जारी है। परिजन घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। हादसे में तीन ग्रामीणों की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद दिलाने के लिए जरूरी कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम मनोज कुमार सरोज ने बताया कि सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के तीसरे दिन भी गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है। एक ओर मृतकों के परिवार अपनों को खोने के दुख से उबर नहीं पा रहे हैं तो दूसरी ओर घायलों के परिजन उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)