गंदा पानी बहाने का विरोध करने पर महिला से अभद्रता:गाली-गलौज के बाद जान से मारने की धमकी, VIDEO सामने आया

Oct 09, 2026 - 14:09
0
गंदा पानी बहाने का विरोध करने पर महिला से अभद्रता:गाली-गलौज के बाद जान से मारने की धमकी, VIDEO सामने आया
कानपुर के कल्याणपुर के आवास विकास योजना संख्या-3 में घर के बाहर गंदा पानी बहाने का विरोध करने पर विवाद हो गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने महिला के साथ अभद्रता की और जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर महिला के परिजन बीचबचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप है कि सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस के सामने ही आरोपियों ने उसके देवर को घसीटकर पीटा। पुलिसकर्मियों ने बीचबचाव का प्रयास किया तो आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। घटना का वीडियो दोपहर में सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गंदा पानी बहाने को लेकर शुरू हुआ विवाद पीड़िता के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाले लोग अपने घर का गंदा पानी उसके मकान के बाहर बहा रहे थे। इससे परेशान होकर उसने शुक्रवार सुबह करीब सात बजे पानी बहाने का विरोध किया। आरोप है कि इस पर पड़ोसियों ने विवाद शुरू कर दिया और महिला के साथ अभद्रता करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस के सामने देवर को घसीटकर पीटने का आरोप महिला के मुताबिक, शोर सुनकर घर के अन्य सदस्य बीचबचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर पीड़िता ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान तीन-चार लोगों ने पुलिस के सामने ही महिला के देवर के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे घसीटते हुए काफी दूर तक ले गए। पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो वे देवर को छोड़कर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। थाने पहुंचकर दी तहरीर, वीडियो भी वायरल घटना के बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ कल्याणपुर थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। दोपहर में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस वायरल वीडियो और पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। थाना प्रभारी बोले- जांच कर होगी कार्रवाई कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़िता की ओर से तहरीर मिली है और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User