गंगा में नहाते समय भंवर में फंसा युवक:जीजा को बचाया, साले की तलाश; अंतिम संस्कार में आया था
गाजीपुर में बड़े भाई की सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए 32 वर्षीय किसान राकेश कुमार गंगा में डूबकर लापता हो गए। घटना शुक्रवार शाम करीब 4 बजे शहर के पोस्ता घाट पर हुई। वह अपने जीजा जयप्रकाश भारती के साथ गंगा में नहा रहे थे। इसी दौरान दोनों भंवर में फंस गए। घाट पर मौजूद एक व्यक्ति ने जयप्रकाश को बचा लिया, लेकिन राकेश गहरे पानी में चले गए। देर शाम तक उनका पता नहीं चल सका। जीजा के साथ नहाते समय हुआ हादसा राकेश मरदह थाना क्षेत्र के कोड़री गांव के रहने वाले हैं। वह खेती करते हैं। शुक्रवार को वह अपने बड़े भाई राजेश की सास एकमी देवी के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे। इसी दौरान वह अपने जीजा जयप्रकाश के साथ पोस्ता घाट पर गंगा में नहाने लगे। अचानक दोनों भंवर में फंस गए। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने जयप्रकाश को बाहर निकाल लिया, लेकिन राकेश पानी में लापता हो गए। पिता घाट पर पहुंचे, परिवार में कोहराम राकेश के गंगा में डूबने की सूचना मिलते ही उनके पिता अलगू राम घाट पर पहुंचे। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। राकेश की शादी वर्ष 2019 में संगीता से हुई थी। उनकी चार साल की बेटी श्रेया है। परिजनों का आरोप है कि रात होने पर पुलिसकर्मी राकेश की तलाश बंद कर वहां से चले गए। परिवार के लोग उनकी तलाश को लेकर चिंतित हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)