गणपति विसर्जन और गंगा स्नान को लेकर पुलिस अलर्ट:SP ग्रामीण ने घाटों का जायजा लिया, बोले- श्रद्धालुओं को न हो कोई परेशानी

Sep 25, 2026 - 16:42
0
गणपति विसर्जन और गंगा स्नान को लेकर पुलिस अलर्ट:SP ग्रामीण ने घाटों का जायजा लिया, बोले- श्रद्धालुओं को न हो कोई परेशानी
बुलंदशहर में आगामी गणपति विसर्जन और गंगा स्नान पर्वों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी कड़ी में शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अंतरिक्ष जैन ने जिले के अलग-अलग गंगा घाटों का अचानक निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण ने घाटों पर तैनात पुलिस बल की मौजूदगी जांची। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए। एसपी जैन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उनके आने-जाने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों पर खास नजर रखने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने के आदेश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल को लगातार गश्त करने और अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए पैनी नजर रखने को कहा गया है। विसर्जन यात्राओं और श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण जाम न लगे, इसके लिए प्रभावी यातायात डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए हैं। एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष जैन ने मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं से बातचीत भी की। उन्होंने उनकी कुशलक्षेम पूछी और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। पुलिस प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत दी है। एसपी ग्रामीण ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि स्नान या विसर्जन के दौरान कोई भी व्यक्ति या बच्चा गहरे पानी में न जाए। उन्होंने कहा कि चिन्हित और सुरक्षित जगहों पर ही स्नान और विसर्जन करें, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User