अलीगढ़ में गणपति बप्पा की विदाई:रामघाट रोड पर उमड़ी भक्तों की भीड़, ढोल-नगाड़ों पर नाचते निकले श्रद्धालु
अलीगढ़ में अनंत चतुर्दशी पर शुक्रवार को अलीगढ़ में गणपति बप्पा की विदाई शुरू हो गई। शहर के अलग-अलग इलाकों में गणेश चतुर्थी पर स्थापित प्रतिमाओं को श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ विसर्जन के लिए लेकर निकल रहे हैं। सुबह से रामघाट रोड पर गणेश प्रतिमाओं से सजे वाहन नजर आ रहे हैं। ढोल-नगाड़ों और बैंड की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते और गुलाल उड़ाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। अलीगढ़ से बुलंदशहर जिले की सीमा तक करीब 50 किलोमीटर के दायरे में पांच प्रमुख गंगा घाट हैं। शहर से बड़ी संख्या में प्रतिमाएं इन्हीं घाटों पर विसर्जन के लिए ले जाई जा रही हैं। इसके चलते रामघाट रोड प्रमुख विसर्जन मार्ग बना हुआ है। सुबह से कई दर्जन प्रतिमाएं इस रास्ते से घाटों के लिए रवाना हो चुकी हैं। ढोल की थाप पर नाचते निकले श्रद्धालु विसर्जन यात्राओं में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की टोलियां शामिल हैं। फूलों और सजावटी सामान से सजी प्रतिमाएं वाहनों में रखी गई हैं। कहीं ढोल-नगाड़े बज रहे हैं तो कहीं बैंड और म्यूजिक की धुन पर युवा नाच रहे हैं। श्रद्धालु गुलाल उड़ाते हुए गणपति बप्पा को विदाई देने घाटों की ओर बढ़ रहे हैं। गंगा घाट पहुंचने के बाद धार्मिक विधि-विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। वापसी भी इसी मार्ग से होने के कारण रामघाट रोड पर देर रात तक यातायात का दबाव रहने की संभावना है। सुबह 5 बजे से डायवर्जन, देर रात तक लागू रहेगा गणेश प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए रामघाट रोड पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। एसपी ट्रैफिक प्रवीण कुमार ने गुरुवार को यातायात प्लान जारी किया था। इसके तहत सुबह 5 बजे से डायवर्जन शुरू हो गया, जो देर रात तक प्रभावी रहेगा। पुलिस और यातायात विभाग की टीमें प्रमुख चौराहों और मार्गों पर तैनात हैं। विसर्जन यात्राओं के साथ सामान्य यातायात को भी व्यवस्थित रखने के लिए पुलिसकर्मी निगरानी कर रहे हैं। क्वार्सी चौराहे पर अतिरिक्त फोर्स उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के अलीगढ़ आगमन और आवागमन को देखते हुए क्वार्सी चौराहे पर भी अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। विसर्जन के वाहनों और वीआईपी मूवमेंट के बीच यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)