गोमती नगर विस्तार में घुस रहा नदी का पानी रोका:इकाना स्टेडियम के पीछे बनाया अस्थायी अवरोध, सेक्टर-7 में जल प्रवेश के अन्य रास्ते भी किए बंद
गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 में घुस रहे पानी को एलडीए ने नियंत्रित कर लिया है। इकाना स्टेडियम के पीछे से नदी का पानी योजना क्षेत्र की ओर पहुंच रहा था। सूचना मिलते ही एलडीए के अधिकारी और अभियंताओं की टीम मौके पर पहुंची और पानी के प्रवाह को रोकने के लिए तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। एलडीए के मुताबिक, नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण कुछ स्थानों से पानी ओवरफ्लो होकर गोमती नगर विस्तार में प्रवेश कर गया था। इससे इकाना स्टेडियम के सामने और आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। निगरानी टीम ने तत्काल इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। बोल्डर और मिट्टी से बनाया अवरोध पानी के प्रवेश वाले स्थान पर एलडीए ने बोल्डर और मिट्टी डालकर अस्थायी अवरोध तैयार किया। इसके बाद नदी से योजना क्षेत्र में पानी का नया प्रवाह रोक दिया गया। एलडीए के अनुसार, इसके बाद जलस्तर में करीब छह इंच की कमी दर्ज की गई और स्थिति में सुधार जारी है। इसके अलावा सेक्टर-7 में पानी के संभावित प्रवेश वाले अन्य स्थानों पर भी मिट्टी डालकर अतिरिक्त अवरोध बनाए गए हैं। इसका उद्देश्य नदी का जलस्तर और बढ़ने की स्थिति में पानी को दूसरे रास्तों से योजना क्षेत्र में पहुंचने से रोकना है। 5 अक्टूबर से 24 घंटे निगरानी एलडीए ने बताया कि गोमती नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए 5 अक्टूबर से ही अधिकारियों, अभियंताओं और संबंधित कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई थी। टीम लगातार नदी के जलस्तर और गोमती नगर विस्तार के संवेदनशील स्थानों की निगरानी कर रही है। अधिकारी के मुताबिक, फिलहाल नदी से योजना क्षेत्र में पानी का नया प्रवाह बंद है। जलस्तर में उतार-चढ़ाव को देखते हुए निगरानी जारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त जल नियंत्रण और सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। जलभराव की सूचना के लिए हेल्पलाइन इकाना स्टेडियम के आसपास जलभराव से संबंधित शिकायत या सूचना के लिए एलडीए के सहायक अभियंता राहुल वर्मा के मोबाइल नंबर 9918006069 पर संपर्क किया जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)