उन्नाव में दो महिलाओं से मंगलसूत्र झपटे:ग्रामीणों ने पीछा कर बाइक सवारों को पकड़ा, पुलिस कर रही पूछताछ
उन्नाव में बुधवार दोपहर बाइक सवार दो युवकों ने अलग-अलग जगहों पर दो महिलाओं के मंगलसूत्र झपट लिए। लगातार हुई वारदात के बाद महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने बाइक सवारों का पीछा किया और कूड़ेहरी गांव में घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों आरोपियों को थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पहले माया देवी का मंगलसूत्र झपटा मंझखोरिया निवासी माया देवी दोपहर बाद मंगतखेड़ा के पास से गुजर रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से मंगलसूत्र झपट लिया और कूड़ेहरी गांव की ओर भाग निकले। माया देवी के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीणों ने बाइक सवारों का पीछा शुरू कर दिया। भागते समय दूसरी महिला को बनाया निशाना आरोप है कि भागते समय दोनों युवकों ने लंगरपुर के पास कूड़ेहरी निवासी शैल कुमारी का भी मंगलसूत्र झपट लिया। एक के बाद एक दो महिलाओं से हुई वारदात के बाद ग्रामीणों ने पीछा तेज कर दिया और कूड़ेहरी गांव में दोनों युवकों को घेरकर पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ने के बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस लूटे गए मंगलसूत्र और वारदात में इस्तेमाल बाइक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इंस्पेक्टर भुवन सिंह मौर्य ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)