गोंडा में 1377 प्रमुख और संवेदनशील स्थलों पर लगेंगे कैमरे:एसपी ने डीएम को भेजा पत्र, ग्राम पंचायतों के प्रवेश-निकास पर नजर
गोंडा जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक योजना तैयार की गई है। इसके तहत जिले के प्रमुख और संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। शुक्रवार सुबह आठ बजे से ही कई स्थानों पर कैमरे लगाने का काम शुरू हो गया है। पुलिस और प्रशासन मिलकर शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं। योजना के तहत जिले के कुल 1337 प्रमुख और संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया है। शहर से सटी ग्राम पंचायत परेड सरकार में लखनऊ रोड से पोर्टरगंज जाने वाला मार्ग भी अत्यधिक संवेदनशील माना जाता है। इस मार्ग पर फिलहाल सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण पुलिस को निगरानी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण मार्गों और प्रमुख चौराहों को प्राथमिकता के आधार पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में लाने की योजना बनाई गई है। पुलिस विभाग ने सर्वेक्षण के बाद जिले के 17 थानों के अंतर्गत आने वाले 1327 से अधिक ऐसे स्थानों को चिह्नित किया है, जहां सुरक्षा की दृष्टि से कैमरे लगाना आवश्यक है। इन स्थानों की सूची तैयार कर पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने जिलाधिकारी (डीएम) को भेज दी है। साथ ही ग्राम पंचायतों के माध्यम से जल्द से जल्द कैमरे लगवाने का अनुरोध किया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) जेडी जैन ने बताया कि गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी ग्राम पंचायतों के प्रमुख प्रवेश और निकास द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में सभी खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को पत्र भेजकर प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया है। निर्देशों के बाद कैमरे लगाने का काम शुरू हो गया है। कई स्थानों पर कैमरे लगाए भी जा रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से अपराध नियंत्रण, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)