गोंडा में 90 फीट ऊंचा दुर्गा पंडाल तैयार:42 साल बाद बढ़ाई गई ऊंचाई, नीचे से गुजरेंगे ट्रक; ऊपर विराजेंगी मां दुर्गा
गोंडा में शारदीय नवरात्रि को लेकर देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में तैयारियां तेज हो गई हैं। रानी बाजार में जय माता की सेवक संघ की ओर से देवी पाटन मंडल का सबसे ऊंचा 90 फीट का दुर्गा पंडाल बनाया जा रहा है। खास बात यह है कि पंडाल के नीचे से ट्रक और दूसरे बड़े वाहन गुजर सकेंगे, जबकि ऊपर मां दुर्गा विराजमान होंगी। करीब 42 साल पहले यहां 70 फीट ऊंचा पंडाल बनाया गया था। इस बार इसकी ऊंचाई बढ़ाकर 90 फीट की गई है। बंगाल से आए 20 से अधिक कारीगर पिछले 15 दिनों से इसे तैयार करने में जुटे हैं। शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे तक करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था। शेष काम 11 अक्टूबर सुबह 7 बजे तक पूरा करने का लक्ष्य है। सड़क के ऊपर बना पंडाल, नीचे से गुजरेंगे बड़े वाहन रानी बाजार की सड़क पर बनाए जा रहे इस पंडाल की खास बनावट लोगों का ध्यान खींचती है। सड़क से करीब 20 फीट की ऊंचाई छोड़कर पंडाल बनाया जा रहा है, ताकि नीचे से ट्रक और अन्य बड़े वाहन निकल सकें। इससे सड़क पर आवागमन भी जारी रहेगा और श्रद्धालु पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन कर सकेंगे। श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए गए हैं। एक रास्ते से लोग पंडाल में प्रवेश करेंगे और मां दुर्गा के दर्शन के बाद दूसरे रास्ते से बाहर निकलेंगे। इससे भीड़ को व्यवस्थित रखने और आवागमन में परेशानी कम करने की व्यवस्था की गई है।
42 साल से बन रहा है पंडाल जय माता की सेवक संघ बड़ा पंडाल के अध्यक्ष विशाल अग्रवाल ने बताया कि समिति पिछले 42 वर्षों से यहां पंडाल बनाकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करती आ रही है। इस बार बंगाल से आए कारीगरों से पंडाल बनवाने पर करीब 8 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा सजावट, रोशनी और अन्य व्यवस्थाओं पर भी अलग से खर्च होगा। इनका इंतजाम समिति के सदस्य आपसी सहयोग से करते हैं। सुल्तानपुर से मंगाई जा रही मां दुर्गा की प्रतिमा इस बार मां दुर्गा की प्रतिमा अयोध्या या गोंडा के बजाय सुल्तानपुर से विशेष ऑर्डर देकर बनवाई जा रही है। समिति के मुताबिक, प्रतिमा का स्वरूप स्थापना के दिन ही सामने आएगा। 11 अक्टूबर को मां दुर्गा की स्थापना के बाद पंडाल में दर्शन के लिए गोंडा के साथ देवी पाटन मंडल के अन्य जिलों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। शाम को रंगीन रोशनी से जगमगाएगा पंडाल पंडाल को आकर्षक बनाने के लिए रंग-बिरंगी लाइटें लगाई जा रही हैं। शाम करीब 6:30 बजे के बाद यहां पुलिस बल की तैनाती भी की जाती है, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात को संभाला जा सके। पंडाल में दर्शन के साथ लोग तस्वीरें खींचते हैं और वीडियो भी बनाते हैं। समिति के सदस्यों ने बताया तैयारियों का विवरण समिति अध्यक्ष विशाल अग्रवाल ने बताया कि आयोजन में उपाध्यक्ष रामकुमार उर्फ छोटकउ, उपाध्यक्ष कृष्णा शर्मा, व्यवस्थापक शिवकुमार उर्फ बड़काऊ, महामंत्री गुड्डू और मंत्री अंकित कसौधन समेत अन्य सदस्य सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंडाल निर्माण और पूजा की व्यवस्था स्थानीय लोगों तथा पुलिस-प्रशासन के सहयोग से की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)